Aligarh News: भीषण गर्मी के कारण अलीगढ़ में 27 से 30 मई तक सभी स्कूल बंद

Aligarh News: भीषण गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए अलीगढ़ में 27 से 30 मई 2026 तक सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए यह आदेश जारी किया है।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 26 May 2026 10:07 PM IST
Aligarh News: भीषण गर्मी के कारण अलीगढ़ में 27 से 30 मई तक सभी स्कूल बंद
X

Aligarh News

Aligarh News: जनपद अलीगढ़ में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव (लू) की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्कूली छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार जादौन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी बोर्डों से संचालित कक्षा 1 से कक्षा 12 तक के विद्यालयों में 27 मई 2026 से 30 मई 2026 तक अवकाश रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कई दिनों से अलीगढ़ में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। दिन में चल रही गर्म हवाएं और तेज धूप बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं। हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।अलीगढ़ के जिलाधिकारी अविनाश कुमार के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश अवधि में किसी भी विद्यालय में शैक्षणिक, सांस्कृतिक या अन्य प्रकार की गतिविधियों के लिए छात्रों को नहीं बुलाया जाएगा। यदि विद्यालय प्रबंधन आवश्यक समझे तो वे ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन कर सकते हैं, लेकिन ऑफलाइन उपस्थिति पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

यह आदेश जिले के समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। अवकाश के दौरान विद्यालयों में नियमित शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेंगे। शिक्षकों को भी बिना किसी शैक्षणिक कार्य के विद्यालय बुलाने पर रोक लगाई गई है।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और सभी विद्यालय प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

अभिभावकों ने जिलाधिकारी के इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इस भीषण गर्मी में बच्चों को स्कूल भेजना जोखिम भरा था। हालांकि, कुछ निजी कोचिंग सेंटर अभी भी कक्षाएं संचालित कर रहे हैं, जिस पर प्रशासन से कार्रवाई की मांग उठ रही है।मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई के बाद तापमान में कुछ गिरावट की संभावना है। तब तक अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को घर में ही रखें, उन्हें पर्याप्त पानी पिलाएं और धूप में निकलने से बचाएं।


Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story