TRENDING TAGS :
Aligarh News: स्वरोजगार को बढ़ावा, बैंक ने 625 आवेदनों को मंजूरी दी, कई योजनाएं लक्ष्य से आगे
Aligarh News: अलीगढ़ में युवाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए बैंक ने 625 आवेदनों को मंजूरी दी। कई सरकारी योजनाएं निर्धारित लक्ष्य से आगे रहीं।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: 21 अगस्त 2026 जिले के युवाओं और उद्यमियों के लिए स्वरोजगार की दिशा में बड़ी खबर सामने आई है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करने वाली सरकारी योजनाओं में तेजी से प्रगति हो रही है।मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) ऋण प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत बैंक स्तर पर बड़ी संख्या में आवेदनों को स्वीकृति मिल चुकी है।
उपायुक्त उद्योग एसपी यादव, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 240 आवेदनों के सापेक्ष 466 लाख रुपये की मार्जिन मनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले 43 आवेदनों पर 123.42 लाख रुपये की मार्जिन मनी के लिए बैंक स्वीकृति दे चुके हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार वर्तमान माह के लक्ष्य के मुकाबले 122.21 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है।
इसी तरह एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) ऋण प्रोत्साहन योजना भी युवाओं और स्थानीय कारोबारियों के लिए उम्मीद की नई राह बन रही है। वित्तीय वर्ष में 174 आवेदनों के सापेक्ष 700 लाख रुपये की मार्जिन मनी का लक्ष्य है। अब तक 33 आवेदनों पर 201.19 लाख रुपये की मार्जिन मनी के लिए बैंक स्वीकृति दे चुके हैं। इस योजना में वर्तमान माह के लक्ष्य के मुकाबले 146.72 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई है। इससे स्थानीय उत्पादों और परंपरागत उद्यमों को वित्तीय सहारा मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
सबसे खास प्रगति मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में सामने आई है। सहायक आयुक्त उद्योग ब्रजेश कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 2900 आवेदनों के सापेक्ष बैंकों द्वारा 625 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। वर्तमान माह के लक्ष्य के मुकाबले योजना में 106 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई है। विभाग का मानना है। कि यह आंकड़ा युवाओं में उद्यम शुरू करने के बढ़ते उत्साह को दर्शाता है। विभाग ने प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अभी उच्च स्तर से इस योजना का कोई लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। लक्ष्य मिलने के बाद पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र की ओर से युवाओं को योजनाओं की जानकारी लेने और अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आवेदन से लेकर बैंक स्तर पर प्रकरणों की प्रगति और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तक विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। विभाग का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना है। उपायुक्त उद्योग एसपी यादव ने युवाओं और उद्यमियों से अपील की है। कि वे अपनी पात्रता के अनुसार स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर आवेदन करें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने कारोबार को आगे बढ़ाएं।


