TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ में सम्राट पृथ्वीराज चौहान के बोर्ड पर कालिख पोतने से फैला आक्रोश
Aligarh News: अलीगढ़ के खैर क्षेत्र के सोफा की नगरिया गांव में सम्राट पृथ्वीराज चौहान के बोर्ड पर अज्ञात तत्वों द्वारा काला रंग पोतने की घटना से भारी आक्रोश फैल गया।
Aligarh News
Aligarh News: जनपद के खैर कोतवाली क्षेत्र के सोफा की नगरिया गांव के बाहर लगे सम्राट पृथ्वीराज चौहान के बोर्ड पर अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा काला पेंट पोतने की घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही चौहान समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ गई और देखते ही देखते गांव के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खैर क्षेत्र स्थित सोफा नहर के समीप सोफा की नगरिया गांव में प्रतिवर्ष सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जयंती धूमधाम से मनाई जाती है। इसी वर्ष जयंती के अवसर पर गांव के बाहर लगे बोर्ड को समाज के लोगों द्वारा दोबारा पेंट कराकर आकर्षक रूप दिया गया था। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने देखा कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बोर्ड पर काला रंग पोत दिया गया है। यह देखकर लोगों में गहरा रोष फैल गया।घटना के बाद गांव के बाहर लगे बोर्ड के पास सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर सोफा चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने लोगों को शांत कर स्थिति को नियंत्रित किया।
इस दौरान ग्राम प्रधान सोनू चौहान की सक्रिय भूमिका भी सामने आई। उन्होंने तत्काल उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी देकर लोगों को शांत बनाए रखने का प्रयास किया, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। सोफा की नगरिया निवासी राम प्रताप सिंह, पुत्र कृष्ण कुमार, ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।वहीं, ग्रामीणों और समाज के लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त बोर्ड को दोबारा नए तरीके से तैयार कराने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।


