अलीगढ़: एसएसपी ने की अपराध समीक्षा, 68 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र व 2.96 लाख का इनाम

Aligarh News: अलीगढ़ पुलिस लाइन में एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए और उत्कृष्ट कार्य करने वाले 68 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 29 Nov 2026 10:55 AM IST
अलीगढ़: एसएसपी ने की अपराध समीक्षा, 68 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र व 2.96 लाख का इनाम
X

Aligarh News:-जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने पुलिस लाइन छेरत में अपराध गोष्ठी आयोजित की। इसमें जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और विवेचकों के साथ विभिन्न आपराधिक मामलों की समीक्षा की गई। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ लंबित मामलों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपराध गोष्ठी के दौरान वर्ष 2025 एवं उससे पूर्व के लंबित विवेचनात्मक मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों से लंबित विवेचनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विवेचनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक मामले में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए, जिससे पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

इसके साथ ही गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई कार्रवाई, अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही तथा शस्त्र सत्यापन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।

गोष्ठी में प्रचलित पुलिस अभियानों की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, घटनाओं के सफल अनावरण और जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि थानों पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान कराया जाए। पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।

68 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

अपराध गोष्ठी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का भी उत्साहवर्धन किया गया। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, आपराधिक घटनाओं के सफल अनावरण, त्वरित पुलिस कार्रवाई तथा जनशिकायतों और विवेचनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में सराहनीय योगदान देने वाले कुल 68 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को कुल 2 लाख 96 हजार रुपये का नगद पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए टीम भावना, जवाबदेही और जनता के प्रति संवेदनशीलता बेहद जरूरी है।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल , पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक यातायात, पुलिस अधीक्षक अपराध, समस्त क्षेत्राधिकारीगण सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story