TRENDING TAGS :
Aligarh News: एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने 21 पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर बढ़ाया मनोबल
Aligarh News: एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया और उनका मनोबल बढ़ाया।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: जनपद पुलिस लाइन में कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। आमतौर पर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चर्चित रहने वाले एसएसपी नीरज कुमार जादौन इस बार अपने ही जवानों के हौसले को परवाज देने के लिए आगे आए। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने जिले के 19 तेज-तर्रार दरोगाओं और 2 कर्तव्यनिष्ठ कांस्टेबलों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अलीगढ पुलिस लाइन सभागार में आयोजित इस सम्मान समारोह का उद्देश्य पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाना और उनके उत्कृष्ट कार्यों को सराहना देना था। फोटो में साफ देखा जा सकता है। कि एसएसपी नीरज कुमार जादौन स्वयं एक दरोगा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर रहे हैं, और पास खड़े अन्य अधिकारी तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जिन 19 उप-निरीक्षकों और 2 आरक्षियों को सम्मानित किया गया है, उन्होंने हाल के दिनों में अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, वारंटियों की धरपकड़ और जनता से बेहतर समन्वय स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई है। कई दरोगाओं ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में चोरी और लूट की घटनाओं का खुलासा कर जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत किया है।
इस मौके पर एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में अच्छा काम करने वालों की कभी अनदेखी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, "जो जवान ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी करेगा, उसे हर स्तर पर सम्मान मिलेगा। यह प्रशस्ति पत्र सिर्फ एक कागज नहीं, बल्कि आपके अच्छे काम की पहचान है। इससे अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रेरणा मिलेगी।"
अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने आगे कहा कि अलीगढ़ पुलिस अपराध मुक्त समाज बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। और इसके लिए हर थाना स्तर पर बेहतर पुलिसिंग जरूरी है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी टीम में अच्छा काम करने वाले सिपाही से लेकर दरोगा तक को चिन्हित कर उनके नाम मुख्यालय भेजें ताकि उन्हें भी सम्मानित किया जा सके।
समारोह के दौरान एसपी सिटी आदित्य बंसल, एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सम्मान पाने वाले पुलिसकर्मियों के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। एक सम्मानित दरोगा ने बताया कि साहब से प्रशस्ति पत्र मिलने के बाद अब काम करने का जज्बा और भी बढ़ गया है। गौरतलब है। कि एसएसपी नीरज कुमार जादौन के कार्यभार संभालने के बाद से अलीगढ़ पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। अपराधियों पर नकेल के साथ-साथ अपने स्टाफ का हौसला बढ़ाने की यह पहल पुलिस विभाग में एक सकारात्मक संदेश दे रही है।


