Aligarh News: बच्चों ने पेंटिंग से उकेरा विकसित भारत 2047 का सपना, विजेताओं को मिला सम्मान

Aligarh News: अलीगढ़ में जनपद स्तरीय ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता और टीएलएम प्रदर्शनी आयोजित हुई, जिसमें छात्रों ने विकसित भारत 2047 की थीम पर कलाकृतियां बनाईं।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 1 Oct 2026 5:27 PM IST
Aligarh News: बच्चों ने पेंटिंग से उकेरा विकसित भारत 2047 का सपना, विजेताओं को मिला सम्मान
X

Aligarh News

Aligarh News: सेवा संकल्प अभियान के तहत कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में गुरुवार को जनपद स्तरीय ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता और टीएलएम प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। चित्र प्रदर्शनी में जिले भर के स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया और विकसित भारत 2047 की थीम पर बनाई गई अपनी कलाकृतियों को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। स्कूली छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार, एडी बेसिक लक्ष्मीकांत पांडेय, बीएसए आलोक कुमार और डीआईओएस डॉ. पूरन सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। मंत्री ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर छात्रों की पेंटिंग और शिक्षकों की टीएलएम प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि आज स्कूलों का भौतिक परिवेश बेहतर हुआ है। स्कूलों में डिजिटल और स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। शिक्षा व्यवस्था न केवल डिजिटल तकनीक को बढ़ावा दे रही है, बल्कि नैतिक मूल्यों और संस्कारयुक्त शिक्षा पर भी जोर दे रही है, जिसकी झलक छात्रों की पेंटिंग में दिखाई दे रही है। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विजेताओं को बधाई दी। बीएसए आलोक सिंह ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में बुलाया गया था। सभी ब्लॉकों और कॉलेज स्तर पर बुधवार तक प्रतियोगिताएं संपन्न हो चुकी थीं।

एसआरजी संजीव शर्मा ने चयनित छात्रों का विवरण प्रस्तुत किया। माध्यमिक स्तर की भाषण प्रतियोगिता में नौरंगी लाल इंटर कॉलेज के कृष्ण कुमार, जीजीआईसी अतरौली की गुलफिशां खान और पं. दीनदयाल उपाध्याय कॉलेज, खेड़ा सत्तू की वंदना चयनित हुईं। पेंटिंग प्रतियोगिता में लालाराम, दीपक कुमार और शालू गोला विजेता रहे। बेसिक शिक्षा विभाग की ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता में कंपोजिट स्कूल कमालपुर की सपना, जहांगीरगढ़ के गोपाल वैष्णव, फुसावली की ज्योति, तरैंची के प्रशांत और रजा नगर, लोधा की खुशी चयनित हुईं। मंत्री ने विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र और स्टेशनरी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, एमएलसी प्रो. तारिक मंसूर, कोल विधायक अनिल पाराशर, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष प्रवीण राज सिंह, जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष धर्मवीर सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story