अलीगढ़: टप्पल में 25 की जगह 5 एमएम डामर बिछाने का आरोप, ग्रामीणों ने उखाड़ी नई सड़क

Aligarh News: अलीगढ़ के टप्पल में मानपुर-जट्टारी मार्ग के निर्माण में घटिया सामग्री के आरोप पर ग्रामीणों ने सड़क उखाड़ी और काम रुकवाया। तकनीकी जांच की मांग।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 29 Nov 2026 2:16 PM IST
अलीगढ़: टप्पल में 25 की जगह 5 एमएम डामर बिछाने का आरोप, ग्रामीणों ने उखाड़ी नई सड़क
X

Aligarh News: टप्पल सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के दावों की पोल खोलने वाला मामला अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र से सामने आया है। यहां सिंचाई विभाग की ओर से बनाई जा रही सड़क में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का दावा है कि सड़क पर 25 एमएम की निर्धारित डामर की परत के बजाय महज 5 एमएम डामर बिछाया जा रहा था। निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने हाथों से ही सड़क की परत उखाड़कर विरोध जताया। हंगामे के बाद निर्माण कार्य रुकवा दिया गया।

मामला टप्पल थाना क्षेत्र में मानपुर से जट्टारी के बीच बन रही करीब सात किलोमीटर लंबी सड़क का है। यह मार्ग जेवर को जट्टारी और अलीगढ़ से जोड़ता है। इस सड़क से करीब 20 गांवों के हजारों लोगों का आवागमन होता है। ग्रामीण काफी समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क बननी शुरू हुई तो लोगों को राहत की उम्मीद जगी, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर डाला जा रहा डामर हाथ लगाने और हल्का खींचने से ही उखड़ रहा है। मौके पर ग्रामीणों ने अपने हाथों से सड़क की परत उखाड़कर दिखाई और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि जब नई बन रही सड़क अभी से उखड़ रही है तो बरसात और भारी वाहनों के दबाव में यह कितने दिन टिकेगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और संबंधित विभाग के जिम्मेदारों की लापरवाही से सरकारी धन की बर्बादी हो रही है। उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और मानकों के अनुरूप ही सड़क बनवाई जाए।मौके पर मौजूद साइट सुपरवाइजर अजीत कुमार से जब ग्रामीणों के आरोपों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने खुद को ठेकेदार नहीं, बल्कि साइट सुपरवाइजर बताया। उन्होंने कहा कि सड़क के किनारों पर कुछ जगह माल उभर रहा है। सफाई और झाड़ू लगाने के दौरान थोड़ी सामग्री रह जाती है, जो उखड़ सकती है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या सड़क के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह निर्माण किया गया है तो उन्होंने इससे इनकार किया। साथ ही ग्रामीणों के विरोध पर कहा कि सड़क को उखाड़कर देख लीजिए, अगर कमी है तो उसे सही करवा दिया जाएगा। हालांकि सुपरवाइजर के जवाब से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए।ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग करीब 20 गांवों की लाइफलाइन है। प्रतिदिन किसान, छात्र, मजदूर और अन्य राहगीर इसी रास्ते से गुजरते हैं। जेवर एयरपोर्ट के चलते भी इस मार्ग का महत्व बढ़ गया है। ऐसे में घटिया निर्माण से लोगों को भविष्य में परेशानी झेलनी पड़ सकती है।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने, निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने और दोषी जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल ग्रामीणों के विरोध के बाद सड़क निर्माण कार्य रुक गया। अब बड़ा सवाल यह है कि सात किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण की गुणवत्ता की जांच कब होगी और ग्रामीणों को मानक के अनुरूप सड़क कब तक मिलेगी।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story