Aligarh News : विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर अलीगढ़ में बड़ा अभियान, सुरक्षित भोजन का दिया संदेश

Aligarh News : विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर अलीगढ़ में जागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन के प्रति किया गया जागरूक।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 7 Jun 2026 9:04 PM IST
Aligarh News : विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर अलीगढ़ में बड़ा अभियान, सुरक्षित भोजन का दिया संदेश
X

Aligarh Marks World Food Safety Day 2026

Aligarh News: केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने और विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर रविवार को अलीगढ़ जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस की थीम “बोझ से समाधान की ओर: हर जगह सुरक्षित भोजन” निर्धारित की गई, जिसके तहत लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। वैन शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर दूध, तेल, मसाले, मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थों की त्वरित जांच की। आमजन और व्यापारियों को मिलावट की पहचान करने, पैकेजिंग पर FSSAI लाइसेंस नंबर व एक्सपायरी तिथि जांचने तथा प्रमाणित उत्पादों को खरीदने के तरीके बताए गए।

अलीगढ अधिकारियों ने बताया कि असुरक्षित भोजन केवल डायरिया, टाइफाइड जैसी बीमारियों का कारण ही नहीं बनता, बल्कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, आर्थिक नुकसान होता है। और खाद्य पदार्थों की बर्बादी भी बढ़ती है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव सबसे अधिक पड़ता है।

रैली के पश्चात मनक नगर सदन, खैर रोड पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश अलीगढ़ इकाई के सहयोग से एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में खाद्य सुरक्षा अधिकारी, व्यापारी और उद्यमियों ने भाग लिया। चर्चा में इस बात पर सहमति बनी कि स्वच्छता, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करके ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

वक्ताओं ने कहा कि सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना अब केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक, खाद्य कारोबारी और समुदाय की साझा जिम्मेदारी है। के संकल्प के साथ सभी प्रतिभागियों ने सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन को बढ़ावा देने की शपथ ली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की कि वे खरीदारी के समय सतर्क रहें, घर में स्वच्छता बनाए रखें और मिलावटखोरी के खिलाफ आवाज उठाकर स्वस्थ अलीगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story