Aligarh News: योग से गूंजा अहिल्याबाई स्टेडियम, सैकड़ों साधकों ने लिया निरोगी जीवन का संकल्प

Aligarh News: अलीगढ़ के अहिल्याबाई स्टेडियम में योग सप्ताह का शुभारंभ, सैकड़ों साधकों ने सामूहिक योग कर निरोगी जीवन का संकल्प लिया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 15 Jun 2026 11:33 AM IST
Aligarh News: योग से गूंजा अहिल्याबाई स्टेडियम, सैकड़ों साधकों ने लिया निरोगी जीवन का संकल्प
X

Aligarh Yoga News

Aligarh News: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को अलीगढ़ जनपद के महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। ‘स्वस्थ एवं वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों योग साधकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ और निरोगी जीवन का संकल्प लिया। पूरे परिसर में योग और स्वास्थ्य के संदेश की गूंज सुनाई दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, जिलाधिकारी अविनाश कुमार और मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने योग को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताते हुए लोगों से इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योग प्रशिक्षक शिवा पाठक, प्रशांत माहेश्वरी, ज्योति राघव और मधु गुप्ता ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर भावनात्मक संतुलन भी प्रदान करता है। उन्होंने श्वास प्रक्रिया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए योग को जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने की सलाह दी।कार्यक्रम का संचालन रविकरण आर्य ने किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता ठाकुर श्योराज सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश चंद्रा, कृष्ण वीर आर्य, ताराचंद सहित पतंजलि योग साधना केंद्र के साधक, आयुष चिकित्सक और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। योग सप्ताह के शुभारंभ के साथ ही जिले में योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने के अभियान की भी शुरुआत हो गई।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story