Aligarh News: योगी सरकार ने रसोइया दीदियों को दिया सुरक्षा कवच, अलीगढ़ में लाइव देखा सीएम का ऐलान

Aligarh News: अलीगढ़ में रसोइया दीदियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव कार्यक्रम देखा। सरकार ने चूल्हे से कैशलेस कार्ड तक सुरक्षा कवच देने का ऐलान किया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 23 Aug 2026 3:37 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: जिले के 4788 मिड-डे मील रसोइयों के लिए रविवार का दिन किसी त्योहार से कम नहीं रहा। शासन ने न सिर्फ उनके सम्मान को सलाम किया, बल्कि उनके स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा का भी पक्का इंतजाम कर दिया। अलीगढ़ की दो रसोइया दीदी सुदेश देवी और पिंकी देवी को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद मंच पर सम्मानित किया, तो यहां कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में पूरा जिला तालियों से गूंज उठा। दरअसल, रविवार 23 अगस्त को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पीएम पोषण योजना के तहत प्रदेश स्तरीय मिड-डे मील रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अलीगढ़ के कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में किया गया। जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और रसोइया दीदियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना।

मुख्यमंत्री के चार बड़े ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मंच से रसोइयों के लिए चार बड़ी घोषणाएं कीं, जिसने पूरे प्रदेश की 3.54 लाख रसोइयों में खुशी की लहर दौड़ा दी।

1. मानदेय में 1000 की बढ़ोतरी: अब 2000 की जगह 3000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।

2. 2 लाख की तत्काल मदद: किसी भी दुर्घटना की स्थिति में बैंकिंग व्यवस्था से तुरंत 2 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।

3. 5 लाख तक फ्री इलाज: सभी रसोइयों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। वे पैनल के अस्पतालों में बिना पैसे के इलाज करा सकेंगी।

4. साड़ी के पैसे डबल: साड़ी के लिए मिलने वाली राशि 500 से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रसोइया दीदी सिर्फ बच्चों का पेट नहीं भरतीं, बल्कि प्रदेश के बचपन को मजबूत बनाती हैं। जब स्कूलों में एलपीजी पहुंचा तो धुएं से उनकी आंखों में होने वाली जलन भी खत्म हुई। अब सरकार उनकी सामाजिक सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी ले रही है। बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि प्रदेश में रोजाना 1 करोड़ 46 लाख बच्चों के लिए भोजन बनता है। सरकार ने बच्चों को किताब, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे तो दिए ही, ड्रॉपआउट दर भी तेजी से घटाई है। रसोइयों के हित में लिया गया यह फैसला उसी कड़ी का हिस्सा है।

अलीगढ़ का गणित

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि अलीगढ़ जिले में 2262 विद्यालय पीएम पोषण योजना से आच्छादित हैं, जहां 4788 रसोइया दीदियां रोजाना 2 लाख 21 हजार से अधिक बच्चों के लिए भोजन तैयार करती हैं। लखनऊ में सम्मानित हुईं सुदेश देवी और पिंकी देवी जिले की शान बन गई हैं।

हैबिटेट सेंटर में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह सिर्फ मानदेय वृद्धि नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा का कवच है। कैशलेस कार्ड से रसोइयों को अब बीमारी में कर्ज नहीं लेना पड़ेगा। इस अवसर पर एमएलसी ऋषिपाल सिंह, डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक कोल अनिल पाराशर, विधायक छर्रा रविंद्र पाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह, सीडीओ योगेंद्र कुमार, शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में रसोइया बहनें मौजूद रहीं।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story