TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ में सनसनी! खंडहर में हाथ-पैर बंधा मिला युवक, तंत्र-मंत्र का सामान बरामद
Aligarh News: अलीगढ़ के अकराबाद थाना क्षेत्र में एक युवक खंडहर में हाथ-पैर बंधे और तंत्र-मंत्र के सामान के बीच संदिग्ध हालत में मिला। युवक ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बेहोश कर अपहरण करने का आरोप लगाया है
Aligarh News: 7 जून 2026 अकराबाद थाना क्षेत्र की पिलखना चौकी अंतर्गत रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक युवक अपने ही घर के सामने पड़े खंडहरनुमा मकान में संदिग्ध हालत में मिला। सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि युवक के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। और उसके चारों तरफ तंत्र-मंत्र का सामान बिखरा पड़ा था।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फौरन युवक को सीएचसी अकराबाद में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद जब युवक को होश आया तो उसने जो कहानी सुनाई उससे सभी हैरान रह गए। युवक ने बताया कि वह शाम करीब 4 बजे घर से घूमने निकला था। रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने बातचीत के बहाने उसे रोका और कपड़े में कुछ सुंघा दिया। इसके बाद उसे कुछ याद नहीं। होश तब आया जब वह खंडहर में बंधा हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बरला गर्वित सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने खंडहर से तंत्र विद्या से जुड़ी सामग्री, धागे, सिंदूर और अन्य सामान बरामद कर लिया है। शुरुआती जांच में मामला अपहरण और तांत्रिक क्रियाकलाप से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ये भी खंगाल रही है। कि कहीं ये किसी पुरानी रंजिश या जमीन विवाद से तो जुड़ा नहीं है।
अलीगढ सीओ गर्वित सिंह ने बताया कि युवक के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। और संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत सूचना देने की अपील की है। तंत्र विद्या के नाम पर हो रही इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
वाइट:-क्षेत्राधिकारी बरला गर्वित सिंह की
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।


