Aligarh News: 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, डीएम ने सौंपी जिम्मेदारी

Aligarh News: डीएम अविनाश कुमार ने अधिकारियों को प्रभारी और सहायक प्रभारी नामित किया। ईवीएम, मतदाता सूची, सुरक्षा, प्रशिक्षण और मतदान व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारी तय की।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 6 Nov 2026 4:16 PM IST
Preparations for 2027 Assembly elections intensify
X

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, डीएम ने सौंपी जिम्मेदारी (Photo- Newstrack)

Aligarh News: विधानसभा निर्वाचन-2027 को लेकर अलीगढ़ जिला प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारी नामित कर दिए हैं। डीएम अविनाश कुमार ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन से संबंधित अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। चुनावी तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने नामित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों, गाइडलाइन, अधिनियमों और नियमों का गहन अध्ययन करें। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार करें, जिससे चुनाव के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या परेशानी का सामना न करना पड़े।

निर्वाचन तैयारियों के तहत मुख्य विकास अधिकारी को निर्वाचन कार्मिकों, माइक्रो प्रेक्षकों और ईवीएम मास्टर ट्रेनर्स की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण के साथ मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है। अपर जिलाधिकारी नगर को मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति, यातायात व्यवस्था, आदर्श चुनाव आचार संहिता और प्रेक्षक व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक यातायात को पुलिस कार्मिकों की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक एवं चकबंदी अधिकारी को ईवीएम की जांच और रखरखाव, निर्वाचन नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन तथा शिकायत प्रकोष्ठ की व्यवस्था का जिम्मा दिया गया है। जिला पंचायतीराज अधिकारी निर्वाचन संबंधी लेखन सामग्री, प्रपत्रों की उपलब्धता और सांख्यिकीय सूचनाओं के प्रेषण का कार्य देखेंगे। अपर जिलाधिकारी प्रशासन को टेंट, फर्नीचर, बैरिकेडिंग, विद्युत और साउंड व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अलीगढ़ अपर जिलाधिकारी वित्त को निर्वाचन व्यय लेखा, वीडियोग्राफी, डिजिटल कैमरा, वेबकास्टिंग, मीडिया कम्युनिकेशन और पेड न्यूज से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है। उप निदेशक कृषि (शोध) मतपत्रों की व्यवस्था देखेंगे, जबकि समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को मतदाता सूचियों की छपाई और वितरण का दायित्व सौंपा गया है।

नगर आयुक्त को सफाई एवं पेयजल व्यवस्था, जिला पूर्ति अधिकारी को खानपान व्यवस्था, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को दूरसंचार एवं इंटरनेट व्यवस्था तथा सचिव एडीए को मतदान दिवस पर की जाने वाली विभिन्न आवश्यक कार्यवाहियों की जिम्मेदारी दी गई है।

अलीगढ़ डीएम अविनाश कुमार ने सभी प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, संवैधानिक प्रक्रियाओं और निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरी की जाएं। प्रशासन का उद्देश्य है। कि विधानसभा निर्वाचन-2027 को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story