Aligarh News: पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान से 1631 परिवारों को लाभ, 428 लाभार्थियों को मिले 85 लाख रुपये

Aligarh News: अलीगढ़ में पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के तहत 1631 परिवारों को लाभ मिलेगा। अब तक 428 लाभार्थियों को 85 लाख रुपये दिए जा चुके हैं।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 18 Aug 2026 6:22 PM IST
Aligarh News: पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान से 1631 परिवारों को लाभ, 428 लाभार्थियों को मिले 85 लाख रुपये
X

Aligarh News: 18 अगस्त 2026 बेटी की शादी के खर्च को लेकर परेशान परिवारों के लिए अलीगढ़ जिले में राहत की खबर है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के तहत बड़े पैमाने पर लाभ देने का लक्ष्य तय किया है। इस साल जिले में कुल 1631 पात्र परिवारों को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी इनाक्षी गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार की ओर से जिले को पहले चरण में 815 आवेदकों के लिए 163 लाख रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ है। अभी तक इस योजना का लाभ 428 लाभार्थियों तक पहुंचाया जा चुका है और उनके खातों में कुल 85.60 लाख रुपये की धनराशि ट्रांसफर की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य अन्य पिछड़ा वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों की शादी में आर्थिक मदद देना है, ताकि कोई भी परिवार संसाधनों के अभाव में शादी टालने को मजबूर न हो।

कौन ले सकता है लाभ?

इनाक्षी गुप्ता के अनुसार योजना का लाभ जिले के अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे परिवार ले सकते हैं जिनकी वार्षिक आय 1 लाख रुपये से अधिक न हो। इसमें अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग के आवेदक शामिल नहीं होंगे। आवेदन की प्रक्रिया को बेहद सरल रखा गया है। पुत्री के माता या पिता शादी की तिथि से 90 दिन पहले या शादी के 90 दिन बाद तक किसी भी जनसेवा केन्द्र यानी सीएससी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शादी अनुदान पोर्टल www.shadianudan.upsdc.gov.in पर किया जाएगा।

कैसे करें आवेदन?

आवेदन के लिए आवेदक को आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, बेटी और वर का आयु प्रमाण, शादी का कार्ड या प्रमाण पत्र और बैंक खाते की जानकारी साथ ले जानी होगी। आवेदन जमा करने के बाद पात्रता की जांच कर धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है। अधिकारी ने बताया कि विभाग का प्रयास है। कि लक्ष्य के 1631 आवेदनों को समय से पूरा किया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके। उन्होंने सभी पात्र परिवारों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से नजदीकी जनसेवा केन्द्र पर जाकर आवेदन कर दें।

पिछले वर्षों में इस योजना ने कई गरीब परिवारों की बड़ी मदद की है। शादी जैसे बड़े खर्च में मिली सरकारी मदद से माता-पिता पर कर्ज का बोझ कम हुआ है। अलीगढ़ प्रशासन का कहना है। कि पारदर्शिता के साथ आवेदन निस्तारित किए जा रहे हैं। और फर्जी आवेदनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक लोग जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय या अपने क्षेत्र के जनसेवा केन्द्र से संपर्क कर सकते हैं।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story