TRENDING TAGS :
Aligarh News: जनपद में ईद-उल-अजहा का अवकाश अब 28 मई को, 27 मई को खुले रहेंगे सरकारी दफ्तर
Aligarh News: अलीगढ़ में ईद-उल-अजहा का सार्वजनिक अवकाश अब 28 मई को रहेगा। शासनादेश के बाद डीएम ने संशोधित आदेश जारी कर 27 मई को दफ्तर खोलने के निर्देश दिए।
जनपद में ईद-उल-अजहा का अवकाश अब 28 मई को, 27 मई को खुले रहेंगे सरकारी दफ्तर (Photo- Newstrack)
Aligarh News: उत्तर प्रदेश शासन के आदेश के बाद अलीगढ़ जिले में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का सार्वजनिक अवकाश अब 27 मई के बजाय 28 मई 2026, गुरुवार को मनाया जाएगा। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सोमवार को इस संबंध में संशोधित आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि 27 मई, बुधवार को जिले के सभी शासकीय कार्यालय सामान्य कार्यदिवस की तरह अपने निर्धारित समय पर खुलेंगे।
27 मई को नहीं अब 28 मई को होगी बकरीद की छुट्टी
अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन अनुभाग, लखनऊ द्वारा 26 मई 2026 को जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार वर्ष 2026 की सार्वजनिक अवकाश सूची में ईद-उल-अजहा के अवकाश में बदलाव किया गया है। पूर्व में जारी कैलेंडर के अनुसार यह अवकाश 27 मई को प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे 28 मई के लिए संशोधित कर दिया गया है। शासनादेश के अनुपालन में अलीगढ़ जिले में भी यही तिथि लागू होगी।
इस बदलाव के कारण सरकारी कर्मचारियों, विद्यालयों, बैंकों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों को अब 28 मई को अवकाश मिलेगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ कार्यालयों और कर्मचारियों को इस संशोधन की सूचना तत्काल उपलब्ध कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि वे अवकाश की नई तिथि को ध्यान में रखते हुए अपने आवश्यक कार्य पूर्व में ही निपटा लें।
ईद-उल-अजहा इस्लाम धर्म का प्रमुख त्योहार है, जिसे कुर्बानी का त्योहार भी कहा जाता है। इस दिन मुस्लिम समुदाय के लोग सामूहिक नमाज अदा करते हैं और जानवरों की कुर्बानी देकर उसे जरूरतमंदों में बांटते हैं। सार्वजनिक अवकाश घोषित होने से जिले में रहने वाले मुस्लिम समुदाय के लोग इस त्योहार को पूरे श्रद्धा भाव से मना सकेंगे।
जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। 27 मई को कार्यालय खुला रहने से प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी और आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। वहीं 28 मई को अवकाश होने से त्योहार मनाने वाले लोगों को पूरा दिन पारिवारिक और धार्मिक आयोजन के लिए उपलब्ध होगा।
अलीगढ जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ईद के दिन शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न हो सके।


