Aligarh News: पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया, 1.2 किलो गांजा और स्कूटी बरामद की

Aligarh News: अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1.2 किलो गांजा और एक स्कूटी बरामद की गई।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 19 Oct 2026 6:21 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना बन्नादेवी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक शातिर हिस्ट्रीशीटर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 1220 ग्राम अवैध गांजा और घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद की गई है। पकड़ा गया आरोपी बेहद शातिर है। और उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं।

बन्ना थाना प्रभारी निरीक्षक हरीभान सिंह राठौड़ ने बताया कि अलीगढ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन नीरज कुमार जादौन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को थाना बन्नादेवी पुलिस टीम गश्त पर थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी से अवैध गांजा लेकर थाना क्षेत्र से निकलने वाला है।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पुलिस ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1220 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान संजय पुत्र नेम सिंह निवासी चंदनियां रामघाट रोड थाना क्वार्सी जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई। वह थाना क्वार्सी का हिस्ट्रीशीटर है, जिसका एचएस नंबर 122ए है।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना बन्नादेवी पर मुकदमा अपराध संख्या 779/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत किया है। पकड़े गए अभियुक्त का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ थाना बन्नादेवी, क्वार्सी, सिविल लाइन और गांधी पार्क थानों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, छेड़छाड़ और मारपीट जैसे 17 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह कई बार जेल जा चुका है, लेकिन जमानत पर बाहर आकर फिर से नशे के कारोबार में लिप्त हो जाता था।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सस्ते दामों में गांजा लाकर अलीगढ़ शहर के युवाओं और नशेड़ियों को महंगे दामों पर बेचता था। स्कूटी का प्रयोग वह तस्करी के लिए करता था ताकि पुलिस को शक न हो। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। और उसके पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हरीभान सिंह राठौड़ के साथ उपनिरीक्षक संजीव कुमार, रवि चौधरी, कांस्टेबल अंकुर रोर, कुलदीप कुमार और रोहित यादव शामिल रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story