TRENDING TAGS :
Aligarh News: गौवंश संरक्षण को नई रफ्तार, स्थलों का कायाकल्प, चरागाहों में उगेगा हरा चारा
Aligarh News: अलीगढ़ में गौवंश संरक्षण अभियान को गति दी जाएगी, गौ आश्रय स्थलों का कायाकल्प और चरागाहों में हरे चारे की बुवाई होगी।
Aligarh News: जनपद में गोवंश संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा प्लान तैयार किया है। वीबीजी रामजी योजना के तहत जिले के 40 गौ आश्रय स्थलों में विभिन्न प्रकार के विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चरागाहों में हरे चारे की बुवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अलीगढ 28 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। डीएम ने गौशालाओं से संबद्ध चरागाहों की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अतिक्रमण पाया जाता है। तो उसे तत्काल अतिक्रमणमुक्त कराया जाए।
अलीगढ डीएम अविनाश कुमार ने सभी बीडीओ को निर्देशित किया कि जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था कराते हुए हरे चारे की बुवाई कराई जाए ताकि गोवंशों को पौष्टिक हरा चारा नियमित रूप से मिल सके। बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 19,690 गोवंश संरक्षित हैं। अतरौली ब्लॉक के गनियावली और बलीपुर में वृहद गौ संरक्षण केंद्रों का संचालन शुरू हो गया है। माधवगढ़ और बराकला में कमियों को दूर कर जल्द संचालन शुरू होगा। अगस्त माह में 91 गोवंशों का संरक्षण किया गया जबकि मुख्यमंत्री निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना के तहत 51 गोवंश वितरित किए गए।
उन्होंने बताया कि आकाशवाणी केंद्र परिसर की गौशाला से छेरत गौशाला में 15 गोवंशों का स्थानांतरण किया गया है और 66 चरागाहों में चारे की बुवाई हो चुकी है। वीबीजी रामजी योजना के तहत 40 गौ आश्रय स्थलों में खड़ंजा, केयरटेकर रूम, भूसा गोदाम, टीन शेड, बाउंड्री, तार फेंसिंग, जल निकासी जैसे कार्यों के प्रस्ताव प्राप्त हो गए हैं। सीडीओ ने इन्हें प्राथमिकता पर कराने के निर्देश दिए हैं। अलीगढ डीएम ने मिस पोर्टल रैंकिंग सुधारने, गोबर का स्टॉक रजिस्टर बनाए रखने और राष्ट्रीय डिजिटल पशुधन मिशन के तहत पशुधन का डिजिटल डाटाबेस तैयार करने पर भी जोर दिया।


