TRENDING TAGS :
Aligarh News: जिला जज और एसएसपी ने जेल में मारा छापा, बैरकों की तलाशी लेकर बंदियों से लिया फीडबैक
Aligarh News: अलीगढ़ जिला जेल में जिला जज और एसएसपी ने अचानक छापा मारा, बैरकों की तलाशी ली और बंदियों से व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: जिला कारागार में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जिला जज, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन और एडीएम सिटी अलीगढ़ की संयुक्त टीम ने जेल अधीक्षक के साथ जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर दिया। 28.09.2026 को हुए इस सर्जिकल निरीक्षण में अधिकारियों ने जेल की एक-एक बैरक को खंगाला और व्यवस्थाओं को परखा।
निरीक्षण की शुरुआत जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था से हुई। टीम ने मुख्य द्वार, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, बंदी बैरकों के ताले, दीवारों की सुरक्षा और मुलाकात कक्ष का बारीकी से जायजा लिया। इसके बाद टीम सीधे बैरकों में पहुंची। जिला जज ने बंदियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बंदियों से भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई और कानूनी सहायता के बारे में पूछा। कई बंदियों ने अपनी जमानत और अपील में देरी की शिकायत भी की, जिस पर जिला जज ने संबंधित कोर्ट को जल्द सुनवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सुरक्षा के लिहाज से जेल अधीक्षक को कड़े दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेल के अंदर किसी भी तरह की प्रतिबंधित वस्तु न पहुंचने पाए और बैरकों में नियमित तलाशी अभियान चलाया जाए। उन्होंने जेल के बाहर और अंदर तैनात पुलिस बल को और अधिक सतर्क रहने को कहा।
निरीक्षण के दौरान टीम ने जेल के किचन में जाकर खाने की गुणवत्ता चेक की, अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता देखी और बंदियों द्वारा बनाए जा रहे फर्नीचर और अन्य उत्पादों का भी अवलोकन किया। जेल अधीक्षक ने व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान एसपी सिटी आदित्य बंसल सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। अलीगढ जिला प्रशासन का कहना है। कि इस तरह के संयुक्त निरीक्षणों से जेल व्यवस्था में पारदर्शिता आती है, सुरक्षा मजबूत होती है। और बंदियों के मानवाधिकारों की रक्षा सुनिश्चित होती है। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।


