Aligarh News: डीएम अविनाश कुमार का सख्त एक्शन, ब्लैक स्पॉट हटेंगे, स्कूली वाहनों पर भी शिकंजा

Aligarh News: अलीगढ़ में डीएम अविनाश कुमार ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। ब्लैक स्पॉट खत्म करने, स्कूली वाहनों की जांच तेज करने और यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 17 July 2026 5:03 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को साफ संदेश दिया है कि लापरवाही अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए ब्लैक स्पॉट खत्म करने, स्कूली वाहनों की सघन जांच और विभागों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत न किए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हर विभाग को तथ्यात्मक और संख्यात्मक आंकड़ों के साथ रिपोर्ट देनी होगी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को बौनेर-अकराबाद मार्ग के ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए, जबकि नगोला ब्लैक स्पॉट को भी जल्द समाप्त करने के आदेश दिए गए।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर डीएम अविनाश कुमार ने एआरटीओ सत्येंद्र कुमार को सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस, बीमा, परमिट, कलर कोडिंग और अन्य सुरक्षा मानकों की शत-प्रतिशत जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही आईआरसी मानकों के अनुरूप स्पीड टेबल बनाने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने को कहा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात ने बताया कि जिले के 23 ब्लैक स्पॉट में से 10 का सुधार कार्य पूरा हो चुका है, जबकि बाकी पर तेजी से काम चल रहा है। जून 2026 में जिले में 120 सड़क दुर्घटनाओं में 58 लोगों की मौत हुई, जबकि जून 2025 में 103 दुर्घटनाओं में 63 लोगों की जान गई थी। हेलमेट न पहनने के कारण जून माह में 20 लोगों की मौत भी दर्ज की गई। अलीगढ डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल चालान से नहीं, बल्कि जनजागरूकता से भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने ब्लॉक और ग्राम स्तर तक सड़क सुरक्षा अभियान को प्रभावी बनाने तथा हर नागरिक को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story