Aligarh News: डीएम-एसएसपी ने जिला कारागार का निरीक्षण कर बैरकों में बंदियों से किया संवाद

Aligarh News: अलीगढ़ में डीएम और एसएसपी ने जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बैरकों में जाकर बंदियों से बातचीत की और जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 30 Oct 2026 3:52 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: 30 अक्टूबर 2026 जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने शुक्रवार को अलीगढ़ जिला कारागार का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के रहन-सहन, खानपान, चिकित्सा सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन में हड़कंप की स्थिति रही।

सुबह करीब 11 बजे डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज कुमार जादौन भारी पुलिस बल के साथ जिला कारागार पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने मुख्य द्वार, संतरी पोस्ट और सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग, बैकअप और निगरानी व्यवस्था को परखा गया। जेल अधीक्षक पंकज कुमार सिंह ने कारागार की वर्तमान स्थिति और सुरक्षा प्रबंधों के बारे में अधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी।

इसके बाद दोनों अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का भ्रमण किया। बैरकों के अंदर जाकर बंदियों से सीधा संवाद किया। बंदियों से उनके रहन-सहन, भोजन की गुणवत्ता, पानी, साफ-सफाई, मुलाकात और विधिक सहायता के बारे में फीडबैक लिया। कई बंदियों ने अपनी जमानत और मुकदमों के शीघ्र निस्तारण से संबंधित समस्याएं भी रखीं, जिस पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बैरकों में क्षमता से अधिक बंदियों के संबंध में भी जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने कारागार चिकित्सालय का निरीक्षण किया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. एस. एच. रिजवी ने बताया कि वर्तमान में चिकित्सालय में कुल 25 बंदी उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें 4 बंदी हाथरस जनपद के हैं। कुछ बंदी सामान्य बीमारियों तो कुछ लंबे समय से चल रही बीमारियों का इलाज करा रहे हैं। डीएम अविनाश कुमार ने दवाओं के स्टॉक, डॉक्टरों की उपस्थिति और रजिस्टर का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि किसी भी बीमार बंदी को समुचित इलाज में लापरवाही न हो, गंभीर रोगियों को तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया जाए।

महिला बैरक के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला बंदियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान महिला कैदियों के साथ रह रहे छोटे बच्चों को देखकर दोनों अधिकारियों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें फल और चॉकलेट वितरित किए। बच्चों के लिए दूध, पोषण और शिक्षा की व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश जेल प्रशासन को दिए। अलीगढ डीएम अविनाश कुमार ने जेल की रसोई घर का भी निरीक्षण किया। रसोई में बन रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और मेन्यू चार्ट के अनुपालन को देखा। उन्होंने कहा कि बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार पौष्टिक भोजन दिया जाए और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।

अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सुरक्षा के लिहाज से जेल के संवेदनशील स्थानों, बैरकों की तलाशी व्यवस्था और मुलाकात कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि जेल के अंदर कोई भी प्रतिबंधित वस्तु न जाने पाए, इसके लिए नियमित रूप से आकस्मिक तलाशी अभियान चलाया जाए। मुलाकातियों का पहचान पत्र देखकर ही प्रवेश दिया जाए और रजिस्टर में पूर्ण विवरण दर्ज किया जाए। संयुक्त निरीक्षण के दौरान जेलर विकास कटियार, डिप्टी जेलर सुमरा अंसारी, अली अदनान, अंकित वैसला, निखिल श्रीवास्तव सहित अन्य जेल कर्मी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story