TRENDING TAGS :
Aligarh News: शहर का ट्रैफिक रूट बदलेगा, भारी वाहनों की एंट्री बंद, जानें पूरा डायवर्जन प्लान
Aligarh News: दशहरा पर अलीगढ़ में यातायात व्यवस्था में बदलाव होगा। शहर में भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। जानें ट्रैफिक डायवर्जन का पूरा प्लान।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: दशहरा पर्व के अवसर पर 20 अक्टूबर 2026 को निकलने वाली श्रीरामचन्द्र जी महाराज की सिंहासन शोभायात्रा और काली जी की सवारी को लेकर यातायात पुलिस अलीगढ़ ने व्यापक यातायात प्रबंधन एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी अचलताल रामलीला मैदान से श्रीरामलीला गौशाला कमेटी के तत्वावधान में सिंहासन मेला दोपहर 1 बजे से प्रारम्भ होगा।
शोभायात्रा आर्यसमाज रोड, मदारगेट चौराहा, गांधी पार्क, मामूभांजा होते हुए मीरूमल चौराहा पहुंचेगी। वहीं मामूभांजा स्थित श्री राधामोहन मंदिर से श्री काली जी की सवारी मोहल्ले में भ्रमण के उपरांत उक्त शोभायात्रा में शामिल होगी। इसके बाद शोभायात्रा पत्थर बाजार, बारहद्वारी चौराहा, रघुवीरपुरी चौराहा, नई तहसील के सामने होते हुए लगभग शाम 6 बजे नुमाइश मैदान पहुंचेगी। नुमाइश मैदान में रावण वध लीला मंचन के बाद श्रीराम, लक्ष्मण, सीता आदि के डोले मसूदाबाद जीटी रोड होते हुए वापस रामलीला मैदान अचलताल पहुंचकर लगभग 70-80 झांकियों सहित डोला यात्रा संपन्न होगी। इसको देखते हुए यातायात पुलिस ने बाह्य डायवर्जन, आंतरिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की है।
बाहर डायवर्जन - दोपहर 1 बजे से समाप्ति तक
यातायात पुलिस के अनुसार बोनेर तिराहा से एटा चुंगी की तरफ आने वाले सभी प्रकार के भारी, कमर्शियल वाहन, रोडवेज और प्राइवेट बसें प्रतिबंधित रहेंगी। ये वाहन बोनेर तिराहा से डायवर्ट होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे। एटा चुंगी चौराहे से कंपनीबाग की तरफ भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। दिल्ली, बुलंदशहर की तरफ से भांकरी होकर सारसोल चौराहा की तरफ आने वाले भारी वाहन भांकरी पुल से प्रतिबंधित रहेंगे।
इसी तरह खैर, टप्पल की तरफ से खैरेश्वर चौराहा होकर सारसोल की तरफ आने वाले भारी वाहन खैरेश्वर चौराहा से, पेट्रोल पंप तिराहा मथुरा रोड बाईपास होकर पुराना मथुरा पुल चेंजर से नादा पुल सारसोल की तरफ आने वाले भारी वाहन पुराना मथुरा पुल चेंजर से डायवर्ट होंगे। सारसोल चौराहा से नुमाइश मैदान, तहसील तिराहा की तरफ भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। बरौला पुल से आईटीआई रोड होकर नुमाइश मैदान की तरफ, हरदुआगंज, रामघाट रोड से शहर की तरफ आने वाले भारी वाहन क्वार्सी चौराहे से प्रतिबंधित रहेंगे। मथुरा, इगलास और आगरा, हाथरस की तरफ से आने वाले भारी वाहन मथुरा पुल और आगरा पुल के नीचे से नए बाईपास पर डायवर्ट किए जाएंगे। अनूपशहर, जवां की तरफ से आने वाले भारी वाहन महेशपुर से ही क्वार्सी की तरफ डायवर्ट होंगे।
आंतरिक डायवर्जन - शाम 4 बजे से समाप्ति तक
रावण दहन के समय कंपनीबाग चौराहा, रसलगंज चौराहा, मसूदाबाद चौराहा से नुमाइश मैदान की तरफ, शंहशाह तिराहा, ब्लूवर्ड स्कूल की तरफ से नुमाइश मैदान की तरफ, तस्वीर महल से नुमाइश मैदान की तरफ, गूलर रोड नगर निगम वर्कशॉप चौराहा से नुमाइश मैदान की तरफ, आईटीआई कॉलेज से नुमाइश मैदान की तरफ और जेल पुल के नीचे, मेहर पैलेस तथा नई बस्ती की ओर से नुमाइश मैदान की तरफ आने वाले सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
पार्किंग व्यवस्था
नुमाइश ग्राउंड में रावण वध लीला मंचन के लिए वीआईपी पार्किंग मुजम्मिल गेट के दाहिनी ओर, काकोरी द्वार के अंदर दोनों ओर खाली स्थान में, कृष्णांजलि के सामने, नुमाइश ग्राउंड गेस्ट हाउस गेट के सामने खाली मैदान में, सेंट लुइजा सोल्स स्कूल और राजेन्द्र सिंह अखाड़ा में बनाई गई है। अन्य पार्किंग में रसलगंज चौराहे से आने वाले वाहनों की पार्किंग मसूदाबाद बस अड्डा, सारसोल चौराहे से आने वालों की एनसीसी मैदान शंहशाह तिराहा और सिंचाई विभाग ट्यूबवेल कॉलोनी में, बारहद्वारी, होली चौक से आने वालों की नगर निगम वर्कशॉप के बराबर खाली मैदान में, तस्वीर महल से आने वालों की कलेक्ट्रेट, दीवानी की तरफ सड़क किनारे और बरौला पुल से आने वालों की आईटीआई कॉलेज मैदान में पार्किंग होगी।
शोभायात्रा के समय डायवर्जन
शोभायात्रा प्रारम्भ होने के समय नौरंगाबाद पुल डीएवी इंटर कॉलेज से अचलताल की ओर, दुबे पड़ाव चौराहे से अचलताल की तरफ, मदारगेट से आर्य समाज रोड की तरफ, कंपनीबाग से मदारगेट की तरफ, मीरूमल से मामूभांजा की तरफ, बारहद्वारी से मीरूमल की तरफ, शंहशाह तिराहा से होली चौक, होली चौक से रघुवीरपुरी बारहद्वारी की तरफ वाहनों को डायवर्ट और प्रतिबंधित किया जाएगा। एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहन इन प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे।


