Aligarh News: भीषण गर्मी में बिजली संकट पर फूटा गुस्सा, अलीगढ़ के दो विद्युत सब स्टेशनों का घेराव

Aligarh News: अलीगढ़ में लगातार बिजली कटौती और फॉल्ट से नाराज लोगों ने लाल ताल और रावण टीला विद्युत सब स्टेशनों का घेराव कर प्रदर्शन किया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 20 May 2026 12:27 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: भीषण गर्मी के बीच अलीगढ़ में लगातार हो रही बिजली कटौती और बार-बार आने वाले फॉल्ट से आम जनता का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली व्यवस्था से परेशान लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए लाल ताल और रावण टीला विद्युत सब स्टेशनों का घेराव कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द समस्या का समाधान करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। 24 घंटे के भीतर कई बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

रातभर बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों ने बताया कि खासकर रात के समय बिजली कटौती ने परेशानियां और बढ़ा दी हैं। रातभर बिजली आने-जाने का सिलसिला जारी रहता है, जिसके कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बिना बिजली के लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत विभाग समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। हर बार फॉल्ट का हवाला देकर बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा।

बन्नादेवी और क्वार्सी क्षेत्र में प्रदर्शन

बताया जा रहा है कि बन्नादेवी और क्वार्सी थाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए और विद्युत सब स्टेशनों का घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

अधिकारियों ने दिया समाधान का भरोसा

मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के अधिकारी लोगों को समझाने और समस्या के जल्द समाधान का भरोसा देने में जुटे रहे। हालांकि लगातार हो रही बिजली कटौती और खराब व्यवस्था को लेकर शहरवासियों में भारी नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story