TRENDING TAGS :
Aligarh News: 14 नवंबर कार्यक्रम को लेकर डीएम-एसएसपी ने दिए कड़े निर्देश
Aligarh News: डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सुबह 8 बजे से ड्यूटी, पांचों द्वार, पार्किंग, सेफ हाउस, अस्पताल और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
14 नवंबर कार्यक्रम को लेकर डीएम-एसएसपी ने दिए कड़े निर्देश (Photo- Newstrack)
Aligarh News: जिले में 14 नवंबर को आयोजित होने वाले मांगलिक कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने पुलिस, प्रशासनिक और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर कड़े दिशा-निर्देश दिए।
अलीगढ डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने स्पष्ट कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि सभी अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। चूंकि यह मांगलिक कार्यक्रम है और इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे, इसलिए आमजन के साथ मधुर व्यवहार बनाए रखा जाए, जिससे किसी को असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
अधिकारियों को बताया गया कि सभी की ड्यूटी 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से प्रारंभ हो जाएगी। प्रत्येक अधिकारी और पुलिसकर्मी समय से अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेगा। सेफ हाउस और सेफ हॉस्पिटल में सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर
कार्यक्रम में वाहनों की आवाजाही और पार्किंग को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। शहर की ओर से आने वाले लोगों के वाहनों के लिए कलश बैंक्वेट हॉल के सामने सामान्य पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं अतरौली की ओर से आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग कार्यक्रम स्थल से पहले ट्राइडेंट स्कूल, दीनदयाल उपाध्याय स्कूल सहित अन्य निर्धारित स्थानों पर कराई जाएगी। वीवीआईपी पास धारकों के वाहनों की पार्किंग कार्यक्रम स्थल के अंदर निर्धारित स्थान पर रहेगी।
कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास के लिए कुल पांच द्वार निर्धारित किए गए हैं। सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही क्रेन और मैकेनिक की व्यवस्था भी रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे रास्ते में किसी वाहन के खराब होने पर तत्काल उसे हटाकर यातायात सुचारु किया जा सके।
अग्निशमन और विद्युत सुरक्षा के प्रमाण पत्र होंगे जरूरी
जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिए जाएं। अग्निशमन और विद्युत सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। कार्यक्रम स्थल पर उद्घोषणा प्रणाली को भी पूरी तरह क्रियाशील रखने को कहा गया है।
अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों को वायरलेस सेट के माध्यम से लगातार संपर्क बनाए रखने तथा अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया।
ब्रीफिंग के बाद डीएम अविनाश कुमार , एसएसपी नीरज कुमार जादौन सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम सिटी संगीता देवी, एसपी सिटी, एसपी देहात, एसपी यातायात, एएसपी सृष्टि जैन, एसडीएम, एसीएम, सीओ, सीओ एलआईयू, एआरटीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


