TRENDING TAGS :
Aligarh News: किसानों ने जिला पंचायत अध्यक्ष के सामने जर्जर बिजली पोल की शिकायतें रखीं, मांगा हिसाब
Aligarh News: अलीगढ़ में किसानों ने जिला पंचायत अध्यक्ष के सामने जर्जर बिजली पोल समेत कई समस्याएं रखीं और समाधान की मांग की।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: विकास भवन सभागार में मंगलवार को हुई सिंचाई बंधु की बैठक में किसानों ने अधिकारियों की जमकर क्लास लगवा दी। बैठक की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने साफ कह दिया कि अब कोरे कागज पर रिपोर्ट नहीं चलेगी, हर काम की फोटो के साथ विस्तृत आख्या दो, नहीं तो जिम्मेदारी तय होगी।
उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि बैठक में सक्षम अधिकारी ही आएं, जूनियर को भेजकर खानापूर्ति न करें। पिछली बैठक में जो शिकायतें मिली थीं, उनका क्या हुआ? अगर काम हुआ है। तो फोटो के साथ रिपोर्ट लाओ और अगर नहीं हुआ तो लिखित में स्पष्ट कारण बताओ कि क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूरी ईमानदारी से काम करें। कोई समस्या है तो खुलकर बताएं, संवादहीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।
अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि किसान भाई बड़ी उम्मीद लेकर बैठक में आते हैं, उनकी समस्याओं का समाधान करना सिर्फ हमारी प्राथमिकता नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है। बैठक में किसानों ने एक के बाद एक कई ज्वलंत समस्याएं रखीं। किसी ने जर्जर विद्युत पोल बदलवाने की मांग की तो किसी ने विद्युत वितरण उपखंड द्वितीय के कार्यालय को छर्रा में स्थापित करने की बात कही।
सबसे चौंकाने वाली शिकायत थाना बरला के ग्राम बाबूपुर से आई, जहां किसानों ने बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की गुहार लगाई। किसानों ने बताया कि बंदरों के झुंड पूरी फसल चौपट कर रहे हैं।
इसके अलावा अहिवासी भांकरी और दिहाली में लहटोई ड्रेन को कब्जामुक्त कराने, ग्रामीण क्षेत्रों में रात में हो रही अंधाधुंध बिजली कटौती बंद कराने और हरदुआगंज रजवाहा में टेल तक पानी पहुंचाने की मांग जोर-शोर से उठी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने विद्युत और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से चेताया कि टेल तक पानी और गांव तक बिजली पहुंचाना सरकार की मंशा है, इसमें कोई लापरवाही न हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र सिंह चौधरी, अधिशासी अभियंता विद्युत श्रवण कुमार, सिंचाई विभाग से स्टेनो प्रवीण कुमार के साथ किसान नेता चौधरी नवाब सिंह, प्रमोद कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान बंधु मौजूद रहे।


