TRENDING TAGS :
Aligarh News: मछली पालन से करें कमाई, मत्स्य पालन योजनाओं के लिए आवेदन शुरू, 5 अगस्त तक मौका
Aligarh News: मत्स्य विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की विभिन्न योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 5 अगस्त तक खोला है। पात्र लाभार्थी समय रहते आवेदन कर लाभ उठा सकते हैं।
मछली पालन से करें कमाई, मत्स्य पालन योजनाओं के लिए आवेदन शुरू, 5 अगस्त तक मौका (Photo- Social Media)
Aligarh News: मछली पालन के क्षेत्र में रोजगार और आय बढ़ाने की चाह रखने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। मत्स्य विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं में आवेदन का एक और अवसर दिया है। इच्छुक लाभार्थी अब 05 अगस्त तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी योजनाओं के लिए अलग-अलग आवेदन करना अनिवार्य होगा।
सहायक निदेशक मत्स्य प्रियंका आर्या ने बताया कि विभाग द्वारा संचालित कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए पोर्टल दोबारा खोला जा रहा है। इनमें मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन के लिए एरेशन सिस्टम की स्थापना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स, अन्तर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना शामिल हैं।
जानें क्या है आवेदन की प्रक्रिया
उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले प्रत्येक योजना की पात्रता, इकाई लागत, आवश्यक दस्तावेज और अन्य दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करना जरूरी है। यह समस्त जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है।
मत्स्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी योजना के नियमों या प्रावधानों में संशोधन किया जाता है। तो संशोधित नियम ही प्रभावी होंगे। जिन आवेदकों के आवेदन पिछले वर्षों में किसी कारणवश निरस्त हो गए थे या जो प्रतीक्षा सूची में थे, उन्हें भी इस बार दोबारा आवेदन करने का अवसर दिया गया है।
बेहतर स्वरोजगार का माध्यम है मत्स्य पालन
विभाग का कहना है कि मत्स्य पालन आज के समय में किसानों और युवाओं के लिए बेहतर स्वरोजगार का माध्यम बनकर उभर रहा है। सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देना, उत्पादन बढ़ाना और मत्स्य पालकों की आय में वृद्धि करना है।
यदि किसी आवेदक को आवेदन प्रक्रिया या योजनाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी चाहिए तो वह मत्स्य विभाग के जनपदीय कार्यालय 4/9 जॉनसन कम्पाउंड, जेल रोड, अलीगढ़ में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकता है।विभाग ने पात्र लाभार्थियों से अपील की है। कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा कर योजनाओं का लाभ उठाएं।


