Aligarh News: घी-मक्खन पर खाद्य विभाग का शिकंजा, 6 डेयरियों पर छापा, 8 नमूने जांच को रवाना

Aligarh News: अलीगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 6 डेयरियों पर छापा मारकर घी, मक्खन और स्किम्ड मिल्क पाउडर के 8 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 18 Jun 2026 8:57 PM IST
Shikanja of food department on ghee-butter, raid on 6 dairies, send off 8 samples for inspection
X

घी-मक्खन पर खाद्य विभाग का शिकंजा, 6 डेयरियों पर छापा, 8 नमूने जांच को रवाना (Photo- Newstrack)

Aligarh News: जिले में मिलावटी और घटिया दुग्ध उत्पादों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को बड़ा अभियान चलाते हुए 6 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान घी, मक्खन और स्किम्ड मिल्क पाउडर समेत विभिन्न दुग्ध उत्पादों के 8 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए।

विभाग की इस कार्रवाई से डेयरी कारोबारियों में हड़कंप मच गया। सहायक आयुक्त खाद्य के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह तोमर के पर्यवेक्षण में चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत इगलास स्थित राधिका मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट्स से खुले घी का नमूना लिया गया। वहीं इगलास-खैर रोड स्थित जेआर एग्रोटेक लिमिटेड के कोल्ड स्टोर से सफेद मक्खन और मदर डेयरी कुकिंग बटर के नमूने संग्रहित किए गए।

घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर के नमूने लिए गए

इसके अलावा रामघाट रोड, अतरौली स्थित गंगा डेयरी से मक्खन एवं घी के नमूने लिए गए। अभियान के दौरान स्किम्ड मिल्क पाउडर के दो नमूने तथा भोले बाबा डेयरी से घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर के नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए। कुल मिलाकर 6 प्रतिष्ठानों से 8 नमूने लेकर उन्हें परीक्षण हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

खाद्य विभाग की इस सख्त कार्रवाई को मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी चेतावनी माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो कई डेयरी प्रतिष्ठानों की असली तस्वीर सामने ला सकती।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story