Aligarh News: मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने वाले अफसर की विदाई, छोड़ गए सख्ती और भरोसे की मिसाल

Aligarh News: खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त दीनानाथ यादव का प्रयागराज तबादला हुआ। मिलावटखोरों पर कार्रवाई और जनविश्वास बढ़ाने वाले अधिकारी के रूप में रहे चर्चित।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 20 Jun 2026 7:41 PM IST
Aligarh Officer Transfer
X

मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने वाले अफसर की विदाई, छोड़ गए सख्ती और भरोसे की मिसाल (Photo- Newstrack)

Aligarh News: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त खाद्य दीनानाथ यादव का अलीगढ़ से प्रयागराज स्थानांतरण हो गया है। शुक्रवार को उन्होंने प्रयागराज पहुंचकर नई जिम्मेदारी संभाल ली। हालांकि यह तबादला महज एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि अलीगढ़ के लिए ऐसे अधिकारी की विदाई है, जिन्होंने अपने कार्यकाल में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।

करीब दो वर्षों तक अलीगढ़ में तैनात रहे दीनानाथ यादव ने मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए। दूध, पनीर, खोया, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच से लेकर डेयरियों, मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहे। त्योहारों के दौरान विशेष अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखी गई, जिससे आम लोगों में विभाग के प्रति विश्वास बढ़ा।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करते थे

उनकी कार्यशैली में सख्ती के साथ संवेदनशीलता भी देखने को मिली। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने वाले दीनानाथ यादव आम लोगों, व्यापारियों और विभागीय कर्मचारियों से सहज व्यवहार के लिए भी पहचाने गए। वह समस्याओं को सुनने और समाधान कराने के लिए हमेशा तत्पर रहते थे।

उन्होंने विभागीय टीम के साथ बेहतर तालमेल बनाकर खाद्य सुरक्षा कानूनों के प्रभावी पालन के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया। उनके नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की सक्रियता और छवि में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला।

प्रयागराज में नई जिम्मेदारी मिली

अब प्रयागराज में नई जिम्मेदारी संभालने के बाद अलीगढ़ के प्रशासनिक, सामाजिक और व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़े लोग उनके कार्यकाल को याद कर रहे हैं। लोगों का कहना है। कि दीनानाथ यादव ने जिस ईमानदारी, पारदर्शिता और जनहित की सोच के साथ काम किया, वह लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story