Aligarh News: गांधी जयंती पर अलीगढ़ में होगा महा-आयोजन, स्कूल-कॉलेज से गांव तक गूंजेगा बापू का संदेश

Aligarh News: अलीगढ़ में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर जिलेभर में भव्य कार्यक्रम होंगे। स्कूल-कॉलेजों से लेकर गांवों तक स्वच्छता, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तीकरण और गांधीवादी विचारों का संदेश दिया जाएगा।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 1 Oct 2026 6:35 PM IST
Aligarh News: गांधी जयंती पर अलीगढ़ में होगा महा-आयोजन, स्कूल-कॉलेज से गांव तक गूंजेगा बापू का संदेश
X

Aligarh News

Aligarh News: जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर को गरिमापूर्ण और भव्य तरीके से मनाई जाएगी। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राष्ट्रीय एकता, स्वच्छता, समरसता और महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया जाएगा।

अलीगढ़ के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि 2 अक्टूबर को सुबह सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। सुबह 9 बजे सभी कार्यालयों, विद्यालयों और संस्थानों में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा और उनके जीवन, संघर्ष, देशसेवा तथा विचारों पर प्रकाश डाला जाएगा। गांधी जी के आदर्शों को आज की पीढ़ी तक पहुंचाना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में गांधीवादी जीवन-दृष्टि, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, मानवाधिकार और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, गोष्ठियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

छात्रों को गांधी जी के सत्य और अहिंसा के मार्ग के बारे में बताया जाएगा। गांधी जयंती पर महिला सशक्तीकरण पर विशेष फोकस रहेगा। कार्यक्रमों में बालिका शिक्षा, दहेज प्रथा के उन्मूलन और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसमें मिशन शक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, महिला हेल्पलाइन 181, निराश्रित महिला पेंशन, बीसी सखी और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अलीगढ़ जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जी की ग्राम स्वराज की अवधारणा के अनुरूप गांवों में आत्मनिर्भरता, स्वावलंबन, सादगी और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा दिया जाएगा।

ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाकर ग्रामीण विकास के लिए शासन की प्राथमिकताओं से लोगों को अवगत कराया जाएगा। ग्रामीणों को स्वदेशी अपनाने और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में गांधी जी के योगदान, स्वदेशी आंदोलन, नमक सत्याग्रह और उनके रचनात्मक कार्यक्रमों को भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि शासनादेश में दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करें। अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सभी अधिकारियों से अपील की है कि गांधी जयंती को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि गांधी जी के विचारों को आचरण में उतारें और शांति, सद्भाव, समरसता तथा जनभागीदारी का संदेश व्यापक रूप से प्रसारित करें। जिले में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story