TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ में 21.2 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी बरामद
Aligarh News: अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 21 किलो 200 ग्राम गांजे के साथ आरोपी को पकड़ा, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू की।
अलीगढ़ में 21.2 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी बरामद (Photo- Newstrack)
Aligarh News: अलीगढ़ में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्वार्सी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 21 किलो 200 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
आरोपी की पहचान, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विपिन कुमार पुत्र राजवीर सिंह निवासी रतिभानपुर, थाना सिकंदराराऊ, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। थाना क्वार्सी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 21 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना क्वार्सी में मुकदमा संख्या 428/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से मारपीट, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अवैध गांजे की खेप कहां से लेकर आया था और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई को थाना क्वार्सी पुलिस टीम के उपनिरीक्षक अरुण तेवतिया, उपनिरीक्षक ऋषभ कुमार, हेड कांस्टेबल कृष्णपाल सिंह, कांस्टेबल विष्णु कुमार तथा कांस्टेबल प्रवेंद्र देशवाल ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


