TRENDING TAGS :
Aligarh News: गांव में 17 सितंबर को DIG खोलेंगे देव छठ मेला, 18 को निकलेगी महामाई काली शोभायात्रा
Aligarh News: अलीगढ़ के गोमत गांव में 17 सितंबर को DIG देव छठ मेले का उद्घाटन करेंगे। 18 सितंबर को महामाई काली की भव्य शोभायात्रा निकलेगी।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: खैर तहसील के नौझील-बाजना रोड स्थित धर्म नगरी गोमत गांव में आस्था का सैलाब उमड़ने को तैयार है। गांव के प्रसिद्ध प्राचीन श्री दाऊजी महाराज मंदिर पर लगने वाला ऐतिहासिक देव छठ का मेला इस बार और भी भव्य होने जा रहा है। मेले का शुभारंभ कल दिनांक 17 सितंबर को होगा। श्री दाऊजी मेला कमेटी के अध्यक्ष अरुण कुमार मित्तल ने बताया कि कल दोपहर को अलीगढ़ परिक्षेत्र के अलीगढ डीआईजी मुख्य अतिथि के रूप में गोमत गांव पहुंचेंगे और फीता काटकर नवनिर्मित प्राचीन श्री दाऊजी महाराज मंदिर का उद्घाटन और देव छठ मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। उनके आगमन को लेकर मेला कमेटी और ग्रामीणों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर को फूलों और विद्युत झालरों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। श्री दाऊजी माहाराज मंदिर के अध्यक्ष अरुण मित्तल ने बताया कि यह मेला कोई आज का नहीं है, यह सैकड़ों वर्षों से हर वर्ष की भांति लगता आ रहा है। ब्रज क्षेत्र में इस मेले का विशेष महत्व है। देव छठ के अवसर पर यहां तीन दिवसीय विशाल मेले का आयोजन होता है।
18 सितंबर शुक्रवार को महामाई की शोभायात्रा
मेले के दूसरे दिन 18 सितंबर शुक्रवार को सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा। इस दिन दोपहर बाद गांव में महामाई काली जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए मेला परिसर पहुंचेगी। शोभायात्रा में माता काली के विभिन्न स्वरूपों की झांकियां, बैंड-बाजे, डीजे और हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। पूरे गांव में जय माता दी और जय दाऊजी महाराज के जयकारे गूंजेंगे। शाम होते ही मेला परिसर में ब्रज की प्रसिद्ध कृष्ण रासलीलाओं का मंचन शुरू होगा। जिसमें कलाकार भगवान श्रीकृष्ण और उनके बड़े भाई बलदाऊ जी की लीलाओं का सजीव चित्रण करेंगे।
मान्यता है। कि गोमत गांव के श्री दाऊजी महाराज साक्षात विराजमान हैं। जो भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलराम जी के स्वरूप हैं। यहां सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसलिए इस मेले में न सिर्फ अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, बल्कि देश-विदेश से भी लोग खिंचे चले आते हैं। मेला कमेटी अध्यक्ष अरुण कुमार मित्तल ने समस्त धर्मप्रेमी जनता, क्षेत्रवासियों और भक्तों से अपील की है। कि वे 17 तारीख को मंदिर उद्घाटन समारोह और 18 तारीख को महामाई काली की शोभायात्रा में पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करें। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन के सहयोग से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


