TRENDING TAGS :
Aligarh News: IGNOU में एडमिशन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 16 अगस्त तक करें आवेदन
Aligarh News: इग्नू ने जुलाई 2026 सत्र के स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 16 अगस्त तक बढ़ाई, विद्यार्थियों को मिला अतिरिक्त समय।
IGNOU में एडमिशन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 16 अगस्त तक करें आवेदन (Photo- Newstrack)
Aligarh News: उच्च शिक्षा और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 अगस्त 2026 कर दी है। इससे ऐसे विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय मिल गया है। जो किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर सके थे।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र अलीगढ़ के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अजय वर्धन आचार्य ने बताया कि विद्यार्थी घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से आसानी से प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। आवेदन के दौरान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए शुल्क का भुगतान किया जा सकता है।
विदेशी भाषाओं के पाठ्यक्रम भी हैं इग्नू में
उन्होंने बताया कि इग्नू शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित एक प्रतिष्ठित मुक्त विश्वविद्यालय है, जहां पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ रोजगार और कौशल विकास से जुड़े अनेक व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर साइंस, ग्रामीण विकास, सामाजिक कार्य, पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन, औद्योगिक सुरक्षा, पत्रकारिता एवं जनसंचार, कृषि व्यवसाय प्रबंधन, डेयरी फार्मिंग, जैविक खेती, मुर्गी पालन, मधुमक्खी पालन, संस्कृत, उर्दू तथा फ्रेंच, जर्मन, जापानी, अरबी और रूसी जैसी विदेशी भाषाओं के पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा योग, प्राथमिक उपचार, लाइब्रेरी साइंस, आपदा प्रबंधन, भोजन एवं पोषण, मानवाधिकार, उपभोक्ता संरक्षण, सूचना प्रौद्योगिकी, साइबर कानून, फैशन डिजाइन, इवेंट मैनेजमेंट, वैदिक गणित, व्यापार कौशल सहित अनेक सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश का अवसर उपलब्ध है।
ऑनलाइन आवेदन पूरा करें और इस अवसर का लाभ उठाएं
डॉ. आचार्य ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचते हुए समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा करें और इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया एवं पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय परिसर, रामघाट रोड, अलीगढ़ में संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा 8869829838 पर फोन करके भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है। कि इग्नू के लचीले अध्ययन मॉडल और रोजगारपरक पाठ्यक्रम उन विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी हैं, जो नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। या नए कौशल हासिल कर अपने करियर को नई दिशा देना चाहते हैं।


