TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ में IPMS पंजीकरण अनिवार्य, बिना रजिस्ट्रेशन लाइसेंस रद्द
Aligarh News: कृषि विभाग ने कीटनाशी विक्रेताओं के लिए IPMS पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य किया, तय समय में रजिस्ट्रेशन न कराने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की चेतावनी दी।
अलीगढ़ में IPMS पंजीकरण अनिवार्य, बिना रजिस्ट्रेशन लाइसेंस रद्द (Photo- Newstrack)
Aligarh News: जनपद में कीटनाशी विक्रय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने आईपीएमएस (IPMS) पोर्टल पर सभी कीटनाशी विक्रेताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला कृषि रक्षा अधिकारी धीरेन्द्र सिंह चौधरी के निर्देश पर ब्लॉक स्तर पर विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ताकि शत-प्रतिशत विक्रेताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
IPMS पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य
इसी क्रम में गुरुवार को राजकीय कृषि रक्षा इकाई अतरौली में कीटनाशी लाइसेंस सहायक प्रदीप चौहान द्वारा विशेष पंजीकरण शिविर लगाया गया। शिविर में कीटनाशी विक्रेताओं को आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया, संचालन और डेटा फीडिंग संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रदीप चौहान ने बताया कि कीटनाशी विक्रेता अपने लाइसेंस, पैन कार्ड और जीएसटी से संबंधित दस्तावेजों की पीडीएफ तैयार कर स्वयं अथवा किसी भी जनसेवा केंद्र के माध्यम से IPMS पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर के दौरान अतरौली ब्लॉक के ग्राम काजिमाबाद स्थित अम्बे खाद बीज एवं दवा भंडार के संचालक विकास कुमार ने मौके पर ही अपना पंजीकरण कराया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था कीटनाशी बिक्री प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाएगी और अवैध रूप से कीटनाशकों की बिक्री करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में सहायक साबित होगी।
प्रदीप चौहान ने बताया कि जिले में कुल 1297 कीटनाशी लाइसेंस धारक हैं। जिनमें से अभी तक 476 विक्रेताओं ने आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराया है। ऐसे में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए ब्लॉकवार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा
22 मई – चण्डौस
23 मई – खैर
24 मई – इगलास
25 मई – लोधा (क्वार्सी फार्म)
26 मई – अकराबाद
28 मई – गंगीरी
29 मई – बिजौली
30 मई – जवां
31 मई – गोंडा
01 जून – धनीपुर
02 जून – टप्पल
कृषि विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है।कि जिन कीटनाशी विक्रेताओं द्वारा निर्धारित समयावधि में आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराया जाएगा, उनके लाइसेंस निरस्त करते हुए। संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शिविर के दौरान ब्लॉक स्तरीय कार्मिक गौरव, हरीश, राकेश गौतम सहित अन्य कीटनाशी विक्रेता मौजूद रहे।


