TRENDING TAGS :
Aligarh News: जनता दर्शन में मंडलायुक्त ओपी आर्य ने सुनीं जनसमस्याएं
Aligarh News: मंडलायुक्त ओपी आर्य ने अधिकारियों को आईजीआरएस समेत सभी शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण करने के निर्देश दिए, लापरवाही पर सख्ती की बात कही।
जनता दर्शन में मंडलायुक्त ओपी आर्य ने सुनीं जनसमस्याएं (Photo- Newstrack)
Aligarh News: मण्डलायुक्त ओ.पी. आर्य ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जनसामान्य से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान अलीगढ़ मंडल के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।
जनता दर्शन में जमीन-जायदाद, राजस्व, पेंशन, बिजली, सड़क, पेयजल, आवास, राशन और पुलिस से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। मण्डलायुक्त ने प्रत्येक प्रकरण को संवेदनशीलता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए और कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को फोन कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
आमजन की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकताओं
मण्डलायुक्त ने अलीगढ़ मंडल के अंतर्गत जनपद एटा, कासगंज, हाथरस और अलीगढ़ के समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनता दर्शन में प्राप्त और आईजीआरएस के माध्यम से ऑनलाइन प्राप्त प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों के प्रति गंभीरता बरतते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी प्रकरणों की प्रकृति एवं गंभीरता के अनुरूप आवश्यक जांच कराते हुए निष्पक्ष कार्रवाई करें और यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत प्राप्त हो, केवल कागजी खानापूर्ति न की जाए।
अलीगढ़ मण्डलायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि जनता दर्शन आमजन को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए प्रशासनिक अधिकारियों को जनसमस्याओं की वास्तविक स्थिति जानने और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने का अवसर मिलता है। जनता दर्शन में आए सभी फरियादियों को आश्वस्त किया गया कि उनकी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा।


