Aligarh News: मिशन शक्ति-5 में मनचलों पर शिकंजा, बाजार से बस स्टैंड तक एंटी रोमियो टीम का कड़ा पहरा

Aligarh News: अलीगढ़ में मिशन शक्ति-5 के तहत एंटी रोमियो टीम ने बाजारों और बस स्टैंड समेत प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ाई।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 25 Sept 2026 1:53 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन को लेकर अलीगढ़ पुलिस का मिशन शक्ति अभियान-5 पूरे जोर-शोर से चल रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने जिले भर में कमान संभाल ली है। अभियान के द्वितीय चरण के तहत पुलिस की टीमें बाजारों, कोचिंग सेंटरों, पार्क, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर लगातार भ्रमण कर सतत निगरानी रख रही हैं। जहां भी मनचले और शोहदे नजर आ रहे हैं, वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

महिलाओं को किया जा रहा जागरूक

टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया जा रहा है। उन्हें वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, यूपी-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181 और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम के सतर्कतापूर्ण उपयोग के बारे में बताया जा रहा है। पुलिस ने साफ कहा है। कि किसी भी विषम परिस्थिति में महिलाएं तुरंत इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करें, पुलिस तुरंत मदद के लिए पहुंचेगी।

गांव-गांव में जन चौपाल

मिशन शक्ति फेज-5 के तहत थानों में नियुक्त महिला बीट अधिकारियों और महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा गांवों में जन चौपाल लगाई जा रही है। बस स्टैंड, बाजार, गांव, कस्बा, स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर बालिकाओं और महिलाओं से वार्ता कर उन्हें सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।पुलिस का उद्देश्य महिलाओं में विश्वास का माहौल बनाना और उन्हें सशक्त बनाना है, ताकि वे बिना डर के अपनी बात कह सकें और मनचलों को मुंहतोड़ जवाब दे सकें। अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए और अभियान को सफल बनाया जाए।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story