Aligarh News: Mission Shakti का बड़ा असर, बाजार से बस स्टैंड तक महिला सुरक्षा हुई सख्त

Aligarh News: Mission Shakti-5 में अलीगढ़ पुलिस ने बाजार, कोचिंग, पार्क, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाया। महिलाओं को 1090, 112, 1076 और 181 हेल्पलाइन की जानकारी दी।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 7 Oct 2026 12:49 PM IST
Mission Shakti has a big impact, women are safe from market to bus stand
X

Mission Shakti का बड़ा असर, बाजार से बस स्टैंड तक महिला सुरक्षा हुई सख्त (Photo- Newstrack)

Aligarh News: नारी सुरक्षा को लेकर अलीगढ़ पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान-5 के द्वितीय चरण में कमर कस ली है। अलीगढ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देशन में जनपद की एंटी रोमियो टीम और मिशन शक्ति टीमों ने बाजारों, कोचिंग सेंटरों, पार्कों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर सघन चेकिंग और जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। इसका मकसद नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन को धरातल पर उतारना है।

अलीगढ़ एसएसपी नीरज कुमार जादौन के निर्देश पर सभी थानों में गठित महिला सुरक्षा विशेष दल और महिला बीट अधिकारी गांव-गांव जन चौपाल लगा रही हैं। टीमों द्वारा भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों के आसपास भ्रमणशील रहकर सतत निगरानी की जा रही है, ताकि मनचलों, शोहदों द्वारा छेड़छाड़ और महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

पुलिस टीमों ने स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं, कोचिंग में पढ़ने वाली बेटियों और बाजार में खरीदारी करने आई महिलाओं से सीधा संवाद किया। उन्हें बताया गया कि किसी भी विषम परिस्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत पुलिस की मदद लें।

टीमों ने वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, यूपी-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सतर्कतापूर्ण उपयोग करने के टिप्स दिए। बताया कि सोशल मीडिया पर यदि कोई अश्लील मैसेज, फोटो या ब्लैकमेलिंग करे तो तुरंत स्क्रीनशॉट लेकर 1090 पर शिकायत करें, पहचान गुप्त रखी जाएगी।

मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिला बीट अधिकारियों ने बस स्टैंड, गांव, कस्बा, स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को एकजुट कर उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया। महिलाओं को बताया गया कि आत्मरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर हमेशा मोबाइल में सेव रखें और किसी भी घटना को छुपाएं नहीं।

अलीगढ़ पुलिस की इस पहल से बेटियों में विश्वास का माहौल बना है, वहीं मनचलों में हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा है।कि महिला सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और अभियान लगातार जारी रहेगा।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story