Aligarh News: मिशन शक्ति के तहत पुलिस ने बाजारों और कोचिंग सेंटरों में चलाया जागरूकता अभियान

Aligarh News: अलीगढ़ में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत एंटी रोमियो टीम ने बाजारों और कोचिंग सेंटरों में महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 30 Oct 2026 2:09 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: 30 अक्टूबर 2026 नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के संकल्प के साथ अलीगढ़ पुलिस का मिशन शक्ति अभियान-6 पूरे जनपद में तेजी से चल रहा है। अलीगढ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देशन में जनपद में गठित एंटी रोमियो टीमों और मिशन शक्ति टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत महिला सुरक्षा एवं मनचलों, शोहदों द्वारा छेड़छाड़ व महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के दृष्टिगत पुलिस टीमों ने बाजारों, कोचिंग सेंटर, पार्क, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों के आसपास भ्रमण कर सतत निगरानी रखी। महिला पुलिस टीमों ने मौके पर महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया। उन्हें नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन की दिशा में चलाई जा रही महिला सुरक्षा संबंधी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। महिलाओं को वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, यूपी-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181 और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम के सतर्कतापूर्ण उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी विषम परिस्थिति में तत्काल उक्त हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करें, पुलिस तत्काल मदद के लिए पहुंचेगी।

मिशन शक्ति फेज-6 के तहत थानों में नियुक्त महिला बीट अधिकारियों और सभी थानों पर गठित महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा गांवों में जन चौपाल लगाकर भी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। बस स्टैंड, बाजार, गांव, कस्बा, स्कूल, कॉलेज और अन्य सार्वजनिक एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर बालिकाओं और महिलाओं से वार्ता कर महिला सुरक्षा संबंधी उपायों के बारे में बताया जा रहा है। महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ कर उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

अलीगढ़ पुलिस का कहना है। कि जनपद में किसी भी महिला या बालिका के साथ छेड़छाड़ या उत्पीड़न की घटना को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मनचलों और शोहदों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीमें लगातार भ्रमणशील रहकर विश्वास का वातावरण बना रही हैं। ताकि महिलाएं और बालिकाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें और बिना डर के अपने कार्य कर सकें।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story