Aligarh News: नवरात्र पर मिशन शक्ति मार्च, महिला सुरक्षा का संदेश

Aligarh News: अलीगढ़ में डीआईजी प्रभाकर चौधरी, डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज कुमार जादौन के नेतृत्व में पैदल मार्च निकला, महिलाओं ने आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 12 Oct 2026 10:18 PM IST
Mission Shakti March on Navratri, Message of Women Safety
X

नवरात्र पर मिशन शक्ति मार्च, महिला सुरक्षा का संदेश (Photo- Newstrack)

Aligarh News: शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर सोमवार को अलीगढ़ की सड़कों पर महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन का संदेश लेकर प्रशासन उतरा। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले में भव्य पैदल मार्च निकाला गया, जिसने आमजन को नारी शक्ति के सम्मान का संदेश दिया।

इस पैदल मार्च का नेतृत्व पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रभाकर चौधरी, जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने किया। तीनों अधिकारियों की अगुवाई में निकला यह मार्च महिला सुरक्षा, अधिकारों के प्रति जागरूकता और महिला सशक्तीकरण का जीवंत उदाहरण बना। डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को बढ़ावा देने के साथ महिला सशक्तीकरण के संदेश को व्यापक स्तर पर जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

पैदल मार्च रसलगंज चौराहे से प्रारम्भ होकर जिला मलखान सिंह चिकित्सालय रोड, पत्थर बाजार, मामू भांजा, गांधी पार्क बस स्टैंड, एसपी सिटी कार्यालय, कठपुला, सुभाष चौक और एसबीआई तिराहा होते हुए सेंटर पॉइंट चौराहे पर सम्पन्न हुआ। पूरे मार्ग में मार्च के माध्यम से आमजन को महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया गया। राह चलते लोगों ने मार्च का स्वागत किया और कई नागरिक इसमें सहभागी बने।

इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मिशन शक्ति के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने में समाज की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें अपनी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए सशक्त बनाना है। अधिकारियों ने कहा कि जब तक समाज का हर वर्ग महिला सशक्तीकरण को अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेगा, तब तक सुरक्षित वातावरण का निर्माण अधूरा रहेगा।

पैदल मार्च में बड़ी संख्या में महिलाएं हुनरमंद हाथों का साथ-नारी आत्मनिर्भरता की शुरुआत, नारी शक्ति ने ठाना है-खुद का मुकाम बनाना है, सशक्त नारी सशक्त भारत हर कदम पर आत्मनिर्भर संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर सहभागिता की। इन नारों से पूरे मार्ग में नारी शक्ति का उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीण कुमार, पुलिस अधीक्षक अपराध ममता कुरील, सीओ सर्वम सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजित कुमार, महिला संरक्षण अधिकारी हितेश कुमारी, नीतू सारस्वत सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मिशन शक्ति का यह पैदल मार्च नवरात्र के अवसर पर नारी शक्ति को समर्पित एक प्रेरणादायक पहल के रूप में याद किया जाएगा।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story