TRENDING TAGS :
Aligarh News: फेज-6 के तहत पुलिस का अभियान तेज, बाजारों और स्कूल-कॉलेजों में बढ़ाई निगरानी
Aligarh News: अलीगढ़ में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। एंटी रोमियो टीमें बाजारों, स्कूलों और कॉलेजों में निगरानी बढ़ाकर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन के उद्देश्य से अलीगढ़ पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान-6 के तहत जनपद भर में सघन अभियान चलाया जा रहा है। अलीगढ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन के निर्देशन में गठित एंटी रोमियो टीमों और मिशन शक्ति टीमों द्वारा लगातार सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
महिला पुलिस के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाना तथा मनचलों, शोहदों द्वारा छेड़छाड़ और महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इसके तहत पुलिस टीमों द्वारा बाजारों, कोचिंग सेंटर, पार्क, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों के आसपास सतत निगरानी रखी जा रही है। सादे और वर्दी में पुलिसकर्मी संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रख रहे हैं।
अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं से सीधे संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। महिलाओं को वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, यूपी-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम के सतर्कतापूर्ण उपयोग के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। पुलिस द्वारा महिलाओं को बताया जा रहा है कि किसी भी विषम परिस्थिति में वे तत्काल इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल कर मदद ले सकती हैं।
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत थानों में नियुक्त महिला बीट अधिकारियों और महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा गांवों में जन चौपाल लगाई जा रही है। बस स्टैंड, बाजार, गांव, कस्बा, स्कूल, कॉलेज और अन्य सार्वजनिक व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाकर बालिकाओं और महिलाओं से वार्ता कर महिला सुरक्षा संबंधी उपायों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
अलीगढ महिला पुलिस का कहना है। कि नारी सुरक्षा के प्रति कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मनचलों और शोहदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान से न केवल महिला अपराधों में कमी आएगी, बल्कि महिलाओं और बेटियों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। अलीगढ़ पुलिस ने आमजन से भी अपील की है। कि महिला सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


