TRENDING TAGS :
Aligarh News: मोबाइल पर बात और रील बनाने वालों पर कार्रवाई, 122 चालान
Aligarh News: सड़क सुरक्षा पखवाड़े में परिवहन विभाग का विशेष अभियान, मोबाइल इस्तेमाल पर 23 और डग्गामार वाहनों पर 18 चालान, पांच वाहन थानों में किए गए बंद।
मोबाइल पर बात और रील बनाने वालों पर कार्रवाई, 122 चालान (Photo- Newstrack)
Aligarh News: सड़क पर वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना और सोशल मीडिया के लिए रील बनाना अब वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अलीगढ़ में परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों ने सख्त अभियान चलाया। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तीसरे दिन बुधवार को चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में कुल 122 वाहनों के चालान किए गए, जबकि पांच वाहनों को विभिन्न थानों में निरुद्ध कराया गया। इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वालों में खलबली मच गई।
जिले में 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को प्रवर्तन अधिकारियों ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने और सड़क पर चलते हुए रील बनाने वाले चालकों को विशेष रूप से निशाने पर लिया गया। मोबाइल फोन के इस्तेमाल के मामले में 23 वाहनों के चालान किए गए।
इसके साथ ही अनधिकृत रूप से संचालित डबल डेकर बसों और डग्गामार वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बिना वैध परमिट और फिटनेस के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की जांच की। इस दौरान अनधिकृत बसों और डग्गामार वाहनों के खिलाफ 18 चालान किए गए, जबकि चार वाहनों को विभिन्न थानों में बंद कराया गया।
दूसरे प्रदेशों से आने वाली बसों पर भी अधिकारियों की नजर रही। प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने वाले वाहनों की जीरो प्वाइंट पर जांच की गई। अभियान के दौरान अन्य प्रांतों से संचालित 12 वाहनों को चेक किया गया। इनमें बिना फिटनेस के संचालित तीन वाहनों के चालान किए गए और एक वाहन को बंद कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोई भी बस बिना वैध परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित नहीं होने दी जाएगी।
अभियान के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल, डग्गामार बसों और बिना फिटनेस वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी 78 चालान किए गए। इस तरह पूरे अभियान में कुल 122 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई और पांच वाहनों को थानों में निरुद्ध कराया गया।
चालान के साथ चालकों को दिलाई शपथ
प्रवर्तन अधिकारियों ने केवल कार्रवाई तक ही अभियान को सीमित नहीं रखा, बल्कि वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। चालकों को बताया गया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना, लापरवाही से वाहन चलाना और सड़क पर रील बनाना स्वयं के साथ-साथ दूसरे लोगों की जिंदगी के लिए भी खतरा बन सकता है। इस दौरान चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की शपथ भी दिलाई गई।
अधिकारियों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना है। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत 30 नवंबर तक अभियान जारी रहेगा।


