TRENDING TAGS :
Aligarh News: नगला ढक पंचायत घर का नामकरण स्वतंत्रता सेनानी मुंशी चोब सिंह के नाम पर
Aligarh News: हाथरस के नगला ढक गांव में स्वतंत्रता सेनानी मुंशी चोब सिंह के सम्मान में पंचायत घर का नामकरण किया गया। कार्यक्रम में विधायक ने स्मृति द्वार बनाने की घोषणा की।
Aligarh News
Aligarh News: हाथरस जनपद के नगला ढक गांव में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मुंशी चोब सिंह के सम्मान में पंचायत घर का नामकरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया और उनके संघर्ष को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक गोविन्द जी ने कहा कि नगला ढक की भूमि स्वतंत्रता सेनानियों की पुण्यभूमि रही है। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार से पांच स्वतंत्रता सेनानियों का देश की आजादी के आंदोलन में योगदान देना अपने आप में गौरव की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि आज की नई पीढ़ी स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथाओं से काफी हद तक अनभिज्ञ है। इसलिए पंचायत घरों, स्कूलों और कॉलेजों में स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की कहानियां सुनाई जानी चाहिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने महान स्वतंत्रता सेनानी मुंशी चोब सिंह के नाम पर एक स्मृति द्वार बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार से पांच स्वतंत्रता सेनानियों का होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने ग्राम प्रधान भूपेन्द्र सिंह कुशवाह को आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने हाथरस जिले के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर और अधिक शोध किए जाने की आवश्यकता बताई। वहीं, आजादी के अमृत महोत्सव के समन्वयक सुरेन्द्र शर्मा ने अलीगढ़ की तर्ज पर हाथरस जिले के स्वतंत्रता सेनानियों की चित्र प्रदर्शनी जिला मुख्यालय पर लगाने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान मुंशी चोब सिंह परिवार से जुड़े अन्य स्वतंत्रता सेनानियों वैद्य भूदेव वर्मा, महावीर सिंह, श्रीमती रामप्यारी देवी और श्रीमती उर्मिला देवी के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान से संबंधित पोस्टरों का भी लोकार्पण किया गया।इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी परिवार के सदस्य धर्मवीर सिंह, रघुवीर सिंह एडवोकेट, उदय वीर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पंचायत सचिव सुशील कुमार ने किया, जबकि अंत में ग्राम प्रधान भूपेन्द्र सिंह कुशवाह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।


