TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ का नाम बदलने की उम्मीद जगी, हरिगढ़ प्रस्ताव पर यूपी सरकार ने मांगी रिपोर्ट
Aligarh News: अलीगढ़ का नाम बदलकर हरिगढ़ करने की मांग फिर तेज हो गई है। यूपी सरकार ने प्रस्ताव पर रिपोर्ट मांगी, नगर निगम पुराने रिकॉर्ड जुटा रहा है।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: जनपद अलीगढ़ का नाम बदलकर “हरिगढ़” किए जाने की मांग एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। प्रदेश सरकार ने अलीगढ़ नगर निगम से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है। सरकार की ओर से रिपोर्ट मांगे जाने के बाद नगर निगम स्तर पर पुराने प्रस्तावों, आपत्तियों और अब तक हुई संबंधित कार्रवाई का रिकॉर्ड जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले को लेकर अलीगढ़ में एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है।
अलीगढ नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ किए जाने को लेकर नगर निगम सदन में कई बार मुद्दा उठ चुका है। नाम परिवर्तन से संबंधित प्रस्ताव को लेकर नगर निगम के स्तर पर फिलहाल कोई दिक्कत नहीं है। शासन की ओर से रिपोर्ट मांगे जाने के बाद अब प्रस्ताव से जुड़े सभी पुराने दस्तावेज और तथ्यों को एकत्रित किया जा रहा है।
अलीगढ नगर आयुक्त के मुताबिक, पूर्व में नाम परिवर्तन को लेकर सदन में रखे गए प्रस्ताव, उस पर आई आपत्तियां और संबंधित स्तर पर की गई कार्रवाई की जानकारी जुटाई जा रही है। सभी तथ्यों और दस्तावेजों को एकत्रित करने के बाद शासन को विस्तृत और तथ्यात्मक रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शासन स्तर से तय होगी।
अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ किए जाने का मुद्दा पिछले काफी समय से नगर निगम सदन की बैठकों में उठता रहा है। नाम परिवर्तन को लेकर समर्थक लगातार अपनी मांग रखते रहे हैं। अब प्रदेश सरकार की ओर से नगर निगम से रिपोर्ट मांगे जाने के बाद इस मांग को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
इधर, नगर निगम से रिपोर्ट मांगे जाने पर अलीगढ़ के मेयर प्रशांत सिंघल ने खुशी जताई है। उन्होंने इसे नाम परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना है। सरकार द्वारा रिपोर्ट मांगे जाने के बाद अब शहरवासियों की निगाहें नगर निगम की रिपोर्ट और शासन के अगले निर्णय पर टिकी हैं। फिलहाल नगर निगम पुराने रिकॉर्ड और प्रस्ताव से जुड़े दस्तावेजों को खंगालने में जुटा है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे शासन को भेजा जाएगा। इसके बाद ही यह साफ हो सकेगा कि अलीगढ़ के नाम को हरिगढ़ किए जाने की प्रक्रिया किस दिशा में आगे बढ़ती है।


