TRENDING TAGS :
Aligarh News: मुख्यमंत्री के दौरे से पहले ट्रैफिक प्लान तैयार, शहर में कई रास्ते रहेंगे बंद
Aligarh News: मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर अलीगढ़ प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के कई मार्गों पर अस्थायी प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए जाएंगे। प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
Aligarh News: जिले में 22-23 जून को वीआईपी मूवमेंट के चलते बदले रहेंगे यातायात के नियम, भारी वाहनों और बसों के लिए अलग-अलग रूट तय अलीगढ़ में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और नुमाइश ग्राउंड में होने वाली जनसभा को लेकर यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। वीआईपी कार्यक्रम को सकुशल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए शहर में व्यापक यातायात प्लान लागू किया गया है। 22 जून सुबह 10 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक कई मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि रोडवेज और निजी बसों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार खैर और टप्पल की ओर से आने वाले भारी वाहन तहसील तिराहा खैर से आगे अलीगढ़ शहर की ओर नहीं आ सकेंगे। ऐसे वाहनों को गोमत चौराहा, गोंडा, इगलास और गभाना की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं मथुरा और इगलास की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को गोण्डा तिराहा इगलास से शहर की ओर रोकते हुए सासनी, हाथरस, गोंडा और खैर मार्ग की तरफ भेजा जाएगा।आगरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को वन चेतना केंद्र और दाऊद खां फाटक तिराहे से आगे शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इन वाहनों को इगलास रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह एटा और कानपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को बोनेर तिराहा से शहर में आने से रोका जाएगा और हाईवे की ओर भेजा जाएगा।
अलीगढ रामघाट रोड से अतरौली की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को अवंतीबाई चौराहे से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें छर्रा, गंगीरी, कासगंज, छतारी, पहासू और अनूपशहर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बुलंदशहर और डिबाई की तरफ से आने वाले वाहनों को भी अतरौली मोड़ छतारी और सुमेरा झाल जवां से डायवर्ट किया जाएगा।इसके अलावा 22 जून शाम 5 बजे से महेशपुर से क्वार्सी चौराहा और क्वार्सी चौराहा से महेशपुर की ओर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
बसों के लिए भी बदली व्यवस्था
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए रोडवेज, प्राइवेट और महानगर बसों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। दिल्ली और खुर्जा की ओर से आने वाली बसें भांकरी कट तक ही आ सकेंगी। खैर और टप्पल की ओर से आने वाली बसों को खेरेश्वर चौराहे तक अनुमति होगी। आगरा और हाथरस की तरफ से आने वाली बसें आगरा पुल के नीचे तक और मथुरा की ओर से आने वाली बसें मथुरा पुल के नीचे तक आ सकेंगी।
एटा और कानपुर की तरफ से आने वाली बसों को बोनेर तिराहा तक सीमित रखा जाएगा। वहीं नरोरा और रामघाट रोड की तरफ से आने वाली बसों को क्वार्सी चौराहा तक ही आने दिया जाएगा। सभी बसों को यात्रियों को उतारने के बाद वैकल्पिक मार्गों से रवाना किया जाएगा।
वीआईपी फ्लीट के दौरान कई मार्गों पर रोक
मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर से आगमन और कार्यक्रम स्थलों तक जाने के दौरान वीआईपी फ्लीट के समय शहर के अंदर भी कई रास्तों पर अस्थायी रोक रहेगी। आईटीएम कॉलेज हेलीपैड से राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय तक जाने वाले मार्ग पर बैरियर लगाए जाएंगे।
एएमयू हेलीपैड से कलक्ट्रेट सभागार तक जाने वाले रूट पर तस्वीर महल चौराहा, शमशाद चौराहा, लाल डिग्गी तिराहा, दोदपुर और एएमयू सर्किल क्षेत्र में वाहनों का आवागमन रोका जाएगा।नुमाइश ग्राउंड से सर्किट हाउस और सर्किट हाउस से एएमयू हेलीपैड के दौरान मैरिस रोड, केला नगर, क्वार्सी चौराहा, रामबाग चुंगी, लाल डिग्गी, अब्दुल्ला कॉलेज सहित कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।
जनसभा में आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
नुमाइश ग्राउंड में आयोजित जनसभा में शामिल होने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है। अतरौली और अनूपशहर की ओर से आने वाले वाहन क्वार्सी चौराहा से एटा चुंगी, बोनेर और सारसौल होते हुए नुमाइश ग्राउंड की पार्किंग में पहुंचेंगे। खैर, टप्पल, मथुरा, इगलास, हाथरस और आगरा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। बड़े वाहनों और बसों को नुमाइश ग्राउंड और एनसीसी मैदान की पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यातायात पुलिस ने आम लोगों से अपील की है। कि कार्यक्रम के दौरान धैर्य बनाए रखें, निर्धारित मार्गों का प्रयोग करें और किसी भी परेशानी से बचने के लिए समय से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाएं।


