Aligarh News: होमगार्ड्स जवानों को मिलेगा आयुष्मान का सुरक्षा कवच, भ्रष्टाचार पर डीजी की सख्त चेतावन

Aligarh News: अलीगढ़ में होमगार्ड्स जवानों को आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान करने की घोषणा की गई। इस दौरान डीजी होमगार्ड्स ने भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्त चेतावनी देते हुए पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 19 Jun 2026 3:26 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एवं कमाण्डेन्ट जनरल होमगार्ड्स डी.के. ठाकुर ने शुक्रवार को अलीगढ़ मंडल का औचक निरीक्षण कर विभागीय कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ कहा कि होमगार्ड्स जवानों का कल्याण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत अधिक से अधिक जवानों को आच्छादित किया जाएगा।

सर्किट हाउस स्थित आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज के अधिकारियों के साथ विभागीय गतिविधियों, स्वयंसेवकों की समस्याओं तथा संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। डीजी होमगार्ड्स ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वयंसेवकों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए और उनके प्रति संवेदनशील रवैया अपनाया जाए।

बैठक के दौरान उन्होंने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को मजबूत करने, वर्दी भत्ते का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान डीजी ने स्वयंसेवकों और अवैतनिक अधिकारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान थानों पर पृथक कक्ष, मानदेय वृद्धि और सेवानिवृत्ति लाभ जैसी मांगें प्रमुखता से उठाई गईं।

डी.के. ठाकुर ने सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, समर्पण और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि विभाग की साख और कार्यक्षमता को और मजबूत बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story