Aligarh News: ट्रकों को काटकर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 8 बदमाश गिरफ्तार

Aligarh News: अलीगढ़ में ट्रकों को काटकर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 8 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया और जांच जारी है।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 13 May 2026 3:13 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद की अकराबाद थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए 8 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस लंबे समय से इस गिरोह की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।

भारी मात्रा में सामान और नकदी बरामद

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया 5 कार्टून रजनीगंधा पान मसाला बरामद किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किया गया एक ट्रक, चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिल, एक कार, 1 लाख 41 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

हाईवे पर खड़े ट्रकों को बनाते थे निशाना

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य नेशनल हाईवे स्थित टोल प्लाजा और ढाबों के आसपास खड़े ट्रकों की पहले रेकी करते थे। मौका मिलते ही आरोपी ट्रकों की तिरपाल काटकर उसमें रखा सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। बताया जा रहा है कि यह गिरोह लंबे समय से हाईवे पर सक्रिय था और कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका था।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया गिरोह

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि अकराबाद पुलिस लगातार गिरोह की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। साथ ही गिरोह के आपराधिक इतिहास और उनके अन्य साथियों की भी जांच की जा रही है।

हाईवे चोरी की घटनाओं पर लग सकता है अंकुश

अकराबाद पुलिस की इस कार्रवाई के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि नेशनल हाईवे पर लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अब अंकुश लग सकेगा। पुलिस का कहना है कि हाईवे पर सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story