TRENDING TAGS :
Aligarh News: जनपद पुलिस का मिशन शक्ति वार, मनचलों पर नजर, महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा
Aligarh News: अलीगढ़ जनपद पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों पर नजर रखी गई और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर उन्हें हर परिस्थिति में पुलिस सहायता उपलब्ध होने का भरोसा दिलाया गया।
Aligarh News: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर अलीगढ़ पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान-5 के तहत अभियान तेज कर दिया है। अलीगढ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देशन में जनपद की एंटी रोमियो टीमों और मिशन शक्ति टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस टीमों ने बाजारों, कोचिंग सेंटरों, पार्कों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण कर महिलाओं और छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्हें सुरक्षा से जुड़े उपायों की जानकारी दी गई और किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के तहत महिला सुरक्षा टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, यूपी-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181 सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया गया। पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह की छेड़छाड़, उत्पीड़न या असुरक्षा महसूस होने पर तुरंत संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण में थानों पर नियुक्त महिला बीट अधिकारियों और महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा गांवों, कस्बों और सार्वजनिक स्थानों पर जन चौपाल लगाई जा रही है। स्कूल-कॉलेजों में पहुंचकर छात्राओं को आत्मरक्षा और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है। अलीगढ पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना और मनचलों व शोहदों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। अलीगढ़ पुलिस द्वारा लगातार क्षेत्र में निगरानी रखते हुए सुरक्षित माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।


