TRENDING TAGS :
Aligarh News: जनपद में स्कूली परिवहन सुरक्षा पर सख्ती, बीआरसी लोधा में हुई अहम बैठक
Aligarh News: अलीगढ़ में स्कूली परिवहन सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ाई गई। बीआरसी लोधा में आयोजित बैठक में बच्चों की सुरक्षा, वाहनों की जांच और नियमों के पालन पर चर्चा की गई।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: जून 2026 जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और विद्यालयी परिवहन सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के लिए सोमवार को बीआरसी लोधा में विशेष जन-जागरूकता अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक में "समझदार बनें, सुरक्षित रहें" का संकल्प लिया गया।
अलीगढ पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीन कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के स्कूल प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और ग्राम प्रधानों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि हर विद्यालय में परिवहन सुरक्षा समिति का गठन अनिवार्य है। और इसकी नियमित बैठकें कर पंजिका में दर्ज की जाएं। स्कूली वाहनों की वैध फिटनेस की पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
एसपी ट्रैफिक ने जोर देकर कहा कि सभी चालकों का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य है। इसके साथ ही हर स्कूली वाहन में सीसीटीवी कैमरा, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र चालू हालत में रखने होंगे। नियमों का उल्लंघन दंडनीय अपराध माना जाएगा और लापरवाही पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अलीगढ जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने बताया। कि गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने पर छात्रों और अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सभी स्कूलों को अपने परिसर के बाहर "आगे स्कूल है, कृपया धीरे चलें" के साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी लोधा राम शंकर कुरील, ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर विजय प्रकाश सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक सुशील कुमार शर्मा सहित लोधा ब्लॉक के सभी बेसिक, माध्यमिक, वित्तपोषित और परिषदीय विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक व ग्राम प्रधान मौजूद रहे। बैठक का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा यातायात नियमों के पालन का संकल्प लेने के साथ हुआ। अलीगढ प्रशासन का लक्ष्य है। कि स्कूल खुलने से पहले ही सभी वाहन सुरक्षा मानकों पर खरे उतरें ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


