Aligarh News: ऑपरेशन दहन: अलीगढ़ में 4.11 करोड़ के 818 किलो मादक पदार्थ नष्ट किए जाएंगे

Aligarh News: अलीगढ़ में ऑपरेशन दहन के तहत 818 किलो से अधिक मादक पदार्थ नष्ट किए जाएंगे। एनडीपीएस एक्ट के 53 मामलों से जुड़ा है मामला।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 20 May 2026 3:05 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत अलीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के नेतृत्व में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों से संबंधित भारी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के 53 अलग-अलग अभियोगों से संबंधित मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों पर की जा रही है। पुलिस द्वारा कुल 818.822 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ नष्ट किए जाएंगे, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 4 करोड़ 11 लाख 33 हजार 100 रुपये बताई गई है।

सबसे अधिक मात्रा में गांजा बरामद

पुलिस विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार नष्ट किए जाने वाले मादक पदार्थों में सबसे अधिक मात्रा गांजे की है। इसका विवरण इस प्रकार है— गांजा: 814.982 किलोग्राम, डायजापाम: 3.25 किलोग्राम और डोडा/पोस्ता: 0.59 किलोग्राम। यह सभी मादक पदार्थ अलग-अलग अभियोगों में जब्त किए गए थे, जिन्हें अब विधिक प्रक्रिया के तहत नष्ट किया जा रहा है।

मथुरा स्थित एजेंसी में होगा विनष्टीकरण

पुलिस के अनुसार, इन सभी मादक पदार्थों का विनष्टीकरण कृष्ण ऑरचिड फेस-2, गोवर्धन रोड, मथुरा स्थित बायो-मेडिकल वेस्ट डिस्पोजल एजेंसी की इंसीनरेटर मशीन के माध्यम से नियमानुसार कराया जाएगा। पूरी प्रक्रिया पर्यावरणीय मानकों और कानूनी दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न की जाएगी।

नशे के खिलाफ सख्त संदेश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई शासन की मंशा के अनुरूप नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस कार्रवाई से नशा तस्करों को सख्त संदेश जाएगा कि अवैध गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी लगातार मजबूत है।

“ऑपरेशन दहन” के तहत सख्ती जारी

अलीगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” के तहत लगातार अवैध मादक पदार्थों की जब्ती और विनष्टीकरण की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई और तेज की जाएगी ताकि जिले में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story