TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ में ऑपरेशन स्माइल सफल, 13 वर्षीय बालक सकुशल परिवार से मिला
Aligarh News: थाना पिसावा पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल के तहत लापता 13 वर्षीय बालक को बुलंदशहर से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा, परिवार ने जताया आभार।
अलीगढ़ में ऑपरेशन स्माइल सफल, 13 वर्षीय बालक सकुशल परिवार से मिला (Photo- Newstrack)
Aliigarh News: पुलिस के "ऑपरेशन स्माइल" अभियान ने एक बार फिर बिछड़े परिवार के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। थाना पिसावा क्षेत्र से लापता हुए 13 वर्षीय बालक को पुलिस ने महज कुछ दिनों की मेहनत के बाद सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सुरक्षित लौटने पर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
ऑपरेशन स्माइल ने मिलाया अपनों को अपनों से
जानकारी के अनुसार 31 जुलाई 2026 को थाना पिसावा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका 13 वर्षीय भतीजा पड़ोस में रहने वाले दोस्त के घर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पिसावा पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 109/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे "ऑपरेशन स्माइल" के तहत थाना पिसावा पुलिस टीम ने बालक की तलाश के लिए कई स्तरों पर अभियान चलाया।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा की तथा विभिन्न स्थानों पर पत्राचार कर बालक की खोजबीन तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लापता बालक बुलंदशहर जनपद के ग्राम डावर में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बालक को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता लाई रंग
इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक नितिन चौधरी, कांस्टेबल अभिषेक कुमार तथा महिला कांस्टेबल शिवानी की अहम भूमिका रही। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण एक परिवार को उसका मासूम बेटा सुरक्षित वापस मिल सका।
अलीगढ़ पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में कोई बच्चा गुम हो जाए तो घबराने के बजाय तत्काल निकटतम थाने को सूचना दें। समय पर दी गई जानकारी से बच्चों की शीघ्र बरामदगी में सहायता मिलती है। पुलिस ने कहा कि "ऑपरेशन स्माइल" के तहत गुमशुदा बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।


