TRENDING TAGS :
Aligarh News: पीएम किसान की किस्त से खिले किसानों के चेहरे, 2.91 लाख खातों में पहुंची सम्मान निधि
Aligarh News: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होने के बाद अलीगढ़ के 2.91 लाख से अधिक किसानों के खातों में राशि पहुंची। जिले में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया गया और किसानों को कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई।
Aligarh News
Aligarh News: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होने के साथ ही अलीगढ़ के 2 लाख 91 हजार 501 किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि पहुंच गई। शनिवार को जिले में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ धूमधाम से मनाया गया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) से किस्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर तक किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें कोल विधायक अनिल पाराशर, मुख्य विकास अधिकारी, संयुक्त कृषि निदेशक अलीगढ़ मंडल, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, कृषि वैज्ञानिकों सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज वितरित कर तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर की गई। कृषि अधिकारियों ने किसानों को फसल बीमा योजना, मेड़ पर खेती, तिलहन एवं दलहन उत्पादन, श्रीअन्न की खेती तथा नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग के लाभों के बारे में जानकारी दी।
विधायक अनिल पाराशर ने किसानों से मृदा स्वास्थ्य जांच कराने तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। इस दौरान पीएम किसान योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को नई तकनीकों, उन्नत बीजों और वैज्ञानिक खेती के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिल सके। कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी अतिथियों एवं किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।


