TRENDING TAGS :
Aligarh News: पुलिस ने प्रशासन को 28 रन से हराया, रवि बने मैन ऑफ द मैच
Aligarh News: पुलिस लाइन छेरत क्रिकेट ग्राउंड पर मैत्रीपूर्ण मुकाबले में पुलिस-11 ने 182 रन बनाए, जवाब में प्रशासन-11 की टीम 154 रन ही बना सकी, रवि देशवाल ने झटके तीन विकेट।
पुलिस ने प्रशासन को 28 रन से हराया, रवि बने मैन ऑफ द मैच (Photo- Newstrack)
Aligarh News: पुलिस लाइन छेरत क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार को अलीगढ़ पुलिस-11 और अलीगढ़ प्रशासन-11 के बीच रोमांचक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबला खेला गया। खेल मैदान पर अधिकारियों ने सरकारी जिम्मेदारियों से हटकर बल्ले और गेंद के साथ दमखम दिखाया। 20 ओवर के मुकाबले में अलीगढ़ पुलिस-11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन की टीम को 28 रन से पराजित कर जीत दर्ज की।
मैच का आयोजन जिलाधिकारी के नेतृत्व में अलीगढ़ प्रशासन-11 और अलीगढ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के नेतृत्व में अलीगढ़ पुलिस-11 के बीच किया गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ मुकाबले में हिस्सा लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अलीगढ़ पुलिस-11 ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 182 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के ओपनर नितिन मलिक ने 19 गेंदों पर 26 रन बनाकर तेज शुरुआत दी। मध्यक्रम में चंदन राठौड़ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों पर 51 रन ठोक दिए। उनकी पारी में पांच छक्के और दो चौके शामिल रहे। एसएसपी ने भी 18 रन बनाकर टीम के स्कोर में अहम योगदान दिया। अंतिम ओवरों में मनोज तोमर ने महज पांच गेंदों पर 17 रन ठोककर मैदान पर धमाल मचा दिया। उनकी पारी में दो छक्के और एक चौका शामिल रहा।
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अलीगढ़ प्रशासन-11 की टीम ने भी जोरदार मुकाबला किया। ओपनर कैफ रहमान ने 44 गेंदों पर 64 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने तीन छक्के और चार चौके लगाकर टीम को उम्मीदों के साथ आगे बढ़ाया। अलीगढ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने भी नौ रन का योगदान दिया, लेकिन पुलिस टीम के गेंदबाजों के सामने प्रशासन की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 154 रन ही बना सकी। इस तरह पुलिस टीम ने 28 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
गेंदबाजी में अलीगढ़ पुलिस की ओर से रवि देशवाल ने चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि अभिषेक चपराना ने चार ओवर में 36 रन देकर चार विकेट हासिल किए। प्रशासन की ओर से शुभम पवार विश्नोई ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 34 रन देकर चार विकेट झटके।
मैच के बाद एसएसपी नीरज कुमार जादौन और जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रवि देशवाल को प्लेयर ऑफ द मैच ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीन कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी छर्रा महेश कुमार, क्षेत्राधिकारी खैर अभिषेक कुमार पटेल समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


