TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ में थानों पर लगी चौपाल, एसएसपी ने कहा पीड़ितों से अच्छा व्यवहार करें
Aligarh News: अलीगढ़ के सभी थानों में संभ्रांत नागरिकों के साथ गोष्ठी हुई, पुलिस ने समस्याएं सुनीं और पीड़ितों से सम्मानजनक व्यवहार के निर्देश दिए।
अलीगढ़ में थानों पर लगी चौपाल, एसएसपी ने कहा पीड़ितों से अच्छा व्यवहार करें (Photo- Newstrack)
Aligarh News: जनपद पुलिस अब जनता के दिल में जगह बनाने के लिए नया तरीका लेकर आई है। अलीगढ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के सख्त आदेश पर आज जिले के सभी थानों में संभ्रांत व्यक्तियों के साथ विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य थाने पर आने वाले हर पीड़ित के साथ अच्छा व्यवहार करना और पुलिस के प्रति जनता में विश्वास पैदा करना है।
अलीगढ़ एसएसपी नीरज कुमार जादौन द्वारा दिए गए आदेश-निर्देशों के क्रम में प्रत्येक माह के चतुर्थ रविवार को यह गोष्ठी आयोजित की जानी है। इसी क्रम में आज दिनांक 23.08.2026 को जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के प्रधान, पूर्व प्रधान, शिक्षक, व्यापारी, किसान और अन्य संभ्रांत नागरिकों को थाने पर आमंत्रित किया।
गोष्ठी के दौरान थाना प्रभारियों ने सभी संभ्रांत व्यक्तियों से खुलकर संवाद किया। पुलिस ने अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराधी या असामाजिक तत्व की जानकारी मिलते ही तुरंत 112 या थाने पर सूचना दें। साथ ही अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें और किसी भी अफवाह की पुष्टि पुलिस से करें।
गोष्ठी का सबसे अहम पहलू यह रहा कि इस बार पुलिस ने सिर्फ अपनी बात नहीं कही, बल्कि जनता की भी सुनी। थाना प्रभारियों ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध निस्तारण का आश्वासन दिया। कई जगहों पर पुराने मामलों के निस्तारण को लेकर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा पुलिस कर्मियों के व्यवहार के बारे में भी फीडबैक लिया गया। एसएसपी नीरज कुमार जादौन का स्पष्ट निर्देश है। कि थाने पर जनसुनवाई में आने वाले किसी भी पीड़ित के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर फरियादी की समस्या का सम्यक और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होना चाहिए, ताकि पीड़ित को थाने से ही न्याय का एहसास हो।
इस पहल से पुलिस और पब्लिक के बीच की दूरी कम होने की उम्मीद है। संभ्रांत व्यक्तियों ने भी पुलिस के इस कदम की सराहना की और पुलिस का सहयोग करने का वादा किया। अलीगढ़ पुलिस का यह 'भरोसे का सम्मेलन' आने वाले दिनों में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।


